बूढ़नपुर। अतरौलिया थाना क्षेत्र के अतरैठ गांव निवासी अभिषेक यादव 11 अप्रैल को गाड़ी लेकर नेपाल गया था। 13 अप्रैल को घर लौटते समय रास्ते से वह लापता हो गया। छोटे भाई की तलाश में बड़ा भाई विगत कई दिनों से दर-दर भटक रहा है। अभी तक भाई का पता नहीं चल सका है। उसने शुक्रवार को अतरौलिया थाने में तहरीर दी।
अभिषेक के भाई प्रवेश यादव ने बताया कि उनका भाई अभिषेक यादव बीते 11 अप्रैल को घर से गाड़ी लेकर नेपाल के लिए निकला। 13 अप्रैल को वह वापस अपने घर आ रहा था लेकिन बीच रास्ते से ही कहीं गायब हो गया।
इसके बाद न तो उसका कोई सुराग मिल रहा है और न ही उसका फोन लग रहा है। वह अपने भाई को खोजते हुए जब गोरखपुर पहुंचा तो स्थानीय पुलिस द्वारा उसे यह कह कर वापस भेज दिया गया कि जाओ और अपने स्थानीय थाने में केस दर्ज कराओ, तब हम जांच करेंगे।
इसके बाद वह अपने भाई की खोजबीन करते हुए उस टोल प्लाजा पर पहुंचा, जहां पर आखिरी बार उसके भाई की गाड़ी का टोल कटा था।
वहां पर सीसीटीवी फुटेज चेक कराया गया और यह प्रमाणित हुआ की गाड़ी उस टोल प्लाजा से आगे आई है। लेकिन आगे जाकर गाड़ी सहित अभिषेक कहां गायब हो गया इसका कोई पता नहीं चल रहा है।