04 दिल्ली में मृत युवक अजय कुमार के रोते बिलखते परिजन। संवाद
बरदह। थाना क्षेत्र के बरदह गांव निवासी एक युवक ने दिल्ली में संदिग्ध परिस्थितियों में फंदा लगाकर जान दे दी। परिवार के लोग युवक का शव लेने दिल्ली के लिए रवाना हो गए हैं। जानकारी के अनुसार बरदह गांव निवासी 30 वर्षीय अजय कुमार दिल्ली में ओला कैब चलाते थे, उन्होंने मंगलवार की रात को दिल्ली में अपने कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। अजय की शादी आगामी नवंबर माह में जौनपुर जिले के जमैथा गांव में तय थी।
अजय की मां चनरवता देवी, जो बरदह ग्राम की जिला पंचायत सदस्य रह चुकी हैं, बेटे की मौत पर वह रोते हुए बार-बार कह रही थीं मेरे लाल को बुला दो, अब उसकी शादी कौन करेगा, मैं भी उसी के पास जाऊंगी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के पिता साहब लाल और बड़े भाई, जो मुंबई में टेलरिंग का काम करते हैं, शव लेने के लिए दिल्ली रवाना हो गए हैं। दिल्ली पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।