आजमगढ़। नगर पालिका परिषद मुबारकपुर में सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) की स्थापना के लिए जल निगम नगरीय ने 38.89 करोड़ का संशोधित प्रस्ताव बनाकर मंजूरी के लिए शासन को भेजा है। वहां से वित्तीय स्वीकृति मिलने के बाद कार्य कराया जाएगा।
रेशमी साड़ी कारोबार से मशहूर मुबारकपुर कस्बा की आबादी पहले कम थी लेकिन करीब पांच वर्ष पूर्व इसमें सठियांव ब्लॉक की सबसे बड़ी ग्राम पंचायत अमिलो को जोड़ने से अब इसकी आबादी के साथ ही क्षेत्रफल भी काफी बढ़ गया है। कस्बे की आबादी डेढ़ लाख से अधिक है।
नगर पालिका मुबारकपुर में कुल 25 वार्ड हैं। पुरानी नगर पालिका होने के बाद भी यहां पर एसटीपी का निर्माण नहीं हो पाया है जिसके कारण कस्बा से निकलने वाला सीवेज बिना ट्रीटमेंट के ही नदी, पोखरों में जाता है। शासन के निर्देश पर जल निगम नगरीय ने कस्बा में एसटीपी निर्माण के लिए जमीन तलाशा।
जमीन मिलने के बाद एसटीपी की स्थापना, सीवर लाइन बिछाने और 20321 घरों के नालों को सीवर लाइन से जोड़ने के लिए 142 करोड़ का डीपीआर बनाकर मंजूरी के लिए शासन को भेजा था। इसमें एसटीपी की स्थापना में करीब 50 करोड़ रुपये खर्च होने थे, लेकिन शासन ने एसटीपी के डीपीआर को वापस कर दिया था।
विभाग को केवल एसटीपी का संशोधित प्रस्ताव बनाकर भेजने का निर्देश दिया था। शासन के निर्देश पर जल निगम नगरीय ने अब एसटीपी के निर्माण के लिए 39 करोड़ 89 लाख 60 हजार रुपये का प्रस्ताव तैयार कर मजूरी के लिए भेजा है। शासन से वित्तीय स्वीकृति मिलने के बाद एसटीपी, सीवर लाइन सहित अन्य कार्य कराए जाएंगे।
नगर पालिका मुबारकपुर में एसटीपी की स्थापना के लिए 38.89 करोड़ का संशोधित प्रस्ताव शासन को भेज दिया गया है। वहां से वित्तीय स्वीकृति मिलने के बाद कार्य कराया जाएगा। - जियाउल हक, एक्सईएन जल निगम।