आजमगढ़(ब्यूरो)। प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र रानी की सराय का मुख्य चिकित्साधिकारी डा. वीबी सिंह ने गुरुवार को आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान लाइट व्यवस्था ठीक न रहने की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने प्रभारी चिकित्साधिकारी को जमकर फटकार लगाई। साथ ही तत्काल व्यवस्था दुरुस्त करने कर निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप मरीजों को हर सुविधा मिलनी चाहिए।
गुरुवार को अपराह्न सीएमओ रानी की सराय स्वास्थ्य केन्द्र पर पहुंचे तो वहां ग्राउंड में जगह-जगह गंदगी व कूड़े दिख रहे थे। इसके अलावा यहां के लोगों द्वारा शिकायत की गयी लाइट की व्यवस्था सही नहीं है। इस पर उन्होंने प्रभारी चिकित्साधिकारी डा. आरएस मौर्या को फटकार और तत्काल व्यवस्था दुरुस्त करने का निर्देश दिया। उन्होंने डा. मौर्या को ओपीडी मरीजों की संख्या बढ़ाने का जहां निर्देश दिया, वहीं महिलाओं की डिलिवरी भी बढ़ाने को कहा। उन्होंने कहा कि मरीजों व गर्भवती महिलाओं के लिए शासन द्वारा हर सुविधाएं प्रदान की गयी हैं। ऐसे में हर सुविधाओं का लाभ मरीजों को मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी भी मरीज को कोई असुविधा नहीं होनी चाहिए। स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों व डाक्टरों को कत्तई बख्शा नहीं जाएगा।