आजमगढ़। जिला योजना समिति के सदस्यों के निर्वाचन के लिए चुनाव कार्यक्रम सोमवार को जारी कर दिया गया। जिला मजिस्ट्रेट/जिलानिर्वाचन अधिकारी चंद्रभूषण सिंह ने चुनाव कार्यक्रम जारी करते हुए राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा निर्देशों के तहत चुनाव संपन्न कराने का निर्देश दिया।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि 20 मार्च को दिन में 11 बजे से चार बजे तक नामांकन का कार्य संपन्न कराया जाएगा। इसी दिन चार बजे के बाद नामांकन पत्रों की जांच करायी जाएगी। 24 मार्च को 11 बजे से तीन बजे के बीच नाम वापसी होगी। 28 मार्च को सुबह आठ बजे से तीन बजे तक मतदान होगा और उसके पश्चात मतगणना शुरू होगी। जो समाप्ति तक लगातार चलती रहेगी। नामांकन पत्रों की बिक्री जिला पंचायत नेहरू हाल से सहायक निर्वाचन अधिकारी द्वारा शुरू कर दी गई है। निर्वाचन का कार्य जिला योजना समिति नियमावली 2008 के तहत संपन्न कराया जाएगा। नामांकन से मतगणना तक की सारी चुनाव प्रक्रिया नेहरू हाल में संपन्न होगी और परिणाम की घोषणा भी यही की जाएगी। डीएम ने बताया कि जिला योजना समिति दो सदस्यों के लिए निर्वाचन होना है। जिसमें एक पक्ष पिछड़ा वर्ग और एक पद अनारक्षित महिला वर्ग के लिए है।