पंचायत चुनाव के दूसरे चरण के लिए मंगलवार को छिटपुट घटनाओं के बीच छह ब्लाकों में 70.70 प्रतिशत मत पोल हुए। कुछ जगहों पर फर्जी वोटिंग को लेकर ईंट पत्थर चले जबकि एक जगह हवा में गोली चलाई गई।
वहीं कुछ बूथों पर मारपीट के नाते थोड़ी देर के लिए मतदान प्रभावित रहा। मतदान की समाप्ति पर प्रधान पद के 474 और सदस्य के 619 पदों के लिए प्रत्याशियों के भाग्य मतपेटियों में बंद हो गए।
मतपेटियों को विकास खंड मुख्यालयों के स्ट्रांग रूमों में रख दिया गया है। हरैया ब्लाक के रोहुआर में सुबह आठ बजे फर्जी वोटिंग को लेकर प्रधान पद के प्रत्याशी को पुलिस ने बाहर निकाला।
हसनपुर में भी फर्जी वोटिंग को लेकर विवाद हुआ। अजमतगढ़ ब्लाक के छत्तरपुर खुशहाल गांव में प्रधान पद के प्रत्याशी के समर्थक चालक को पिटाई के बाद एक घंटे तक मतदान बाधित रहा।
हरैया ब्लाक के चांदपट्टी बूथ पर भी वोटिंग को लेकर मारपीट हुई। जमीन कपारगढ़ में नाबालिग मतदाताओं के वोट डालने के विवाद में मारपीट हो गई।
गांव की दो महिलाओं ने बैलेट बाक्स में पानी डालने की कोशिश की। बाद में उन्हें पुलिस ने खदेड़ा। इस दौरान दोनों पक्षों में जमकर पत्थरबाजी हुई। पुलिस और पीएसी मौके पर पहुंचकर मामले को शांत कराया।
हरैया विकास खंड के हैदराबाद में फर्जी आईडी को लेकर आधा घंटे तक मतदान बाधित रहा। भदोरा में फर्जी वोट डालने गए मुस्तफा को पुलिस ने पकड़ लिया।