आजमगढ़। टीवी शो कौन बनेगा करोड़पति के नाम पर काल कर एक युवक को ठगों ने 36 हजार का चूना लगा दिया है। रुपये गंवाने के बाद युवक को ठगे जाने का एहसास हुआ और शुक्रवार को पीड़ित एसपी कार्यालय पहुंच कर शिकायती पत्र देने के साथ ही न्याय की गुहार लगाई।
पीड़ित राजेश सिंह पुत्र मुन्ना लाल रानी की सराय थाना क्षेत्र के जलाईपुर का रहने वाला है। एसपी को दिए पत्रक में उसने बताया कि केबीसी के नाम पर उसके पास एक कॉल आया। उसे बताया गया कि उसकी 25 लाख रुपये की लाटरी लगी है। कॉल करने वाले ने व्हाट्सएप पर चेक की फोटो भी भेजी। फोन करने वाले ने बताया कि वह अमिताभ बच्चन का हेड कैशियर राणा प्रताप बोल रहा है।
दूसरी बार काल कर चेक के भुगतान के लिए 11200 रुपये अरुण के नाम एसबीआई मुंबई के खाते में डालने को कहा गया। उसने पैसा डाल दिया तो पुन: काल आया और काल करने वाले ने बताया कि आप के द्वारा भेजा गया पैसा इनकम टैक्स में होल्ड हो गया है। दिल्ली के विकास के नाम से खाते में 25 हजार डालो। उसने पुन: 25 हजार रुपये भेज दिया।
इसके बाद पुन: कॉल आया और बताया गया कि 25 लाख रुपये आप के खाते में ट्रांसफर नहीं हो रहा है, क्योकि आप का खाता सेविंग अकाउंट है। उसे क्रेडिट एकाउंट में बदलने के लिए 50 हजार रुपये सुनील ब्रो के नाम से एसबीआई शिमला में स्थित खाते में डालने को कहा गया। 36 हजार गवाने के बाद राजेश को ठगे जाने का एहसास हुआ। उसने बताया कि सभी कॉल व्हाट्सएप पर आए हैं, जिसके चलते वह रिकार्डिंग नहीं कर सका है। जो नंबर उसके पास है उस पर अब कॉल भी नहीं जा रहा है।