अहरौला। स्थानीय थाना क्षेत्र के शमशाबाद गांव निवासी एक व्यक्ति के घर में घुसे चोरों ने परिजनों को तमंचे से आतांकित कर नकदी व जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। घटना के समय घर पर सिर्फ महिलाएं व बच्चे ही मौजूद थे। सुबह घर आने पर गृहस्वामी ने अहरौला थाने में तहरीर दिया है।
शमशाबाद गांव निवासी नियामुद्दीन पुत्र बदरूद्दीन गांव के ही एक व्यक्ति का वाहन चलता है। उसका मकान निर्माणाधीन है, जिस पर अभी लिंटर भी नहीं लगा हुआ है। इसी निर्माणाधीन मकान में नियामुद्दीन परिवार के साथ रहता भी है। बृहस्पतिवार की रात वह गाड़ी लेकर कहीं चला गया था, इस बीच देर रात तीन की संख्या में चोर नियामुद्दीन के घर में घुस गए। आहट मिलने पर नियामुद्दीन की मां व पत्नी की नींद टूट गई तो उन्होंने शोर मचाया। जिस पर चोरों ने तमंचा निकाल लिया और शोर मचाने पर गोली करने की धमकी देकर उन्हें चुप करा दिया। इसके बाद चोरों ने आराम से पूरे घर को खंगाल डाला और घर में रखे 46 हजार रुपये नकद, 600 सौ सऊदी अरब का रियाल, एक मोबाइल, ट्रैक्टर की बैट्री, कुछ जरूरी कागजात व अन्य कीमती सामान उठा ले गए। शुक्रवार की सुबह नियामुद्दन घर पहुंचा तो घटना की जानकारी हुई। उसने घटना के बाबत अहरौला थाने पर तहरीर दी है।