आजमगढ़। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा बोर्ड प्रयागराज की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की परीक्षा संपन्न कराने के लिए जिले में 284 केंद्र निर्धारित किए गए है। जिसमें पांच नए केंद्र बनाये गए है तो वहीं लगभग 14 पुराने केंद्रों के नाम सूची से हटाये गए है। जिला विद्यालय निरीक्षक ने परीक्षा केंद्रों को लेकर 13 जनवरी तक आपत्ति मांगी है। इसके बाद अंतिम सूची जारी की जाएगी।
जनपद में यूपी बोर्ड से संचालित होने वाली हाईस्कूल व इंटरमीडिएट कक्षा की बोर्ड परीक्षा की तैयारियां जोरो पर चल रही है। जिसमें हाईस्कूल में 96625 व इंटरमीडिएट में 81210 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। वहीं अफसरों ने जिले में बनने वाले परीक्षा केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण कर भौतिक सत्यापन की रिपोर्ट परिषद को भेज दी। जिस पर मुख्यालय ने बोर्ड परीक्षा नकलविहीन व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए 284 परीक्षा केंद्रों की सूची जारी की है, जहां वाइस रिकार्डर से लेकर सीसीटीवी कैमरों के अलावा इंटरनेट आदि की व्यवस्था है। इसमें सात राजकीय, 90 अशासकीय सहायता प्राप्त एवं 187 स्ववित्त पोषित मान्यता प्राप्त विद्यालय शामिल है। जिला विद्यालय निरीक्षक डा. वीके शर्मा ने बताया कि परीक्षा केंद्रों पर 13 जनवरी तक आपत्ति मांगी गई है। आपत्ति में दिए गए साक्ष्य के अनुसार समाधान कर केंद्र निर्धारण किया जाएगा।