आजमगढ़। तरवां थाना क्षेत्र में सड़क के ठेके को लेकर मजदूर की हत्या मामले में दर्ज केस में मुख्तार अंसारी की गैंगेस्टर कोर्ट में 22 जनवरी को पेशी है। हालांकि पंजाब के रोपड़ जेल में बंद मुख्तार पेशी पर आ नहीं रहा है। जिससे उसकी पेशी के लिए बार-बार तारीख पड़ रही है। इस दिन भी उसकी पेशी की संभावना कम ही है।
दो दिनों पूर्व गैंगवार में मारा गया अजीत सिंह मुख्तार का खास बताया जा रहा है। इस हत्याकांड के बाद गैंगवार की आशंका जताई जा रही है। इसे देखते हुए प्रदेश सरकार कुंटू व मुख्तार अंसारी पर शिकंजा कसने की रणनीति पर काम कर रही है। मुख्तार अंसारी पर तरवां थाने में सड़क के ठेके के विवाद में अत्याधुनिक असलहों से फायरिंग के मामले में गैंगेस्टर के तहत कार्रवाई की गई है। इस घटना में सड़क निर्माण करा रहे ठेकेदार के एक मजदूर की मौत हो गई थी। मुख्तार की पेशी की कुछ तारीखें गाजीपुर जिला एवं सत्र न्यायालय में भी है। मुख्तार पेशी से बचने को लगातार मेडिकल लगा रहा है। एसओ मेंहनगर प्रशांत कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि गैंगेस्टर कोर्ट में मुख्तार की पेशी के लिए 22 जनवरी की तारीख तय है। अभी 15 जनवरी तक उसका मेडिकल लगा है। इसके बाद उसे पेशी पर लाने का प्रयास चल रहा है।