आजमगढ़। जनपद में सपा शासन काल में ही तीन मंजिला सूचना संकुल की स्थापना का निर्णय लिया गया था। जिसके लिए जिला प्रशासन से तत्कालीन मुख्य सचिव आलोक रंजन ने कलेक्ट्रेट के समीप जमीन उपलब्ध कराने की मांग की थी। लेकिन तीन साल बीतने के बाद भी जिला प्रशासन जमीन उपलब्ध नहीं करा सका। जिसके लिए सूचना निदेशक अनुज कुमार झा ने जिलाधिकारी को रिमाइंडर भेजकर जमीन उपलब्ध कराने को कहा है।
सपा शासन काल में वर्ष 2015 में प्रत्येकब जनपद में सूचना संकुल की स्थापीना का निर्णय पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव द्वारा लिया गया था। जिसमें एक ही परिसर में तीन मंजिला भवन का निर्माण कर जिला सूचना कार्यालय, जनसामान्य और मीडिया के लोगों के लिए एक सूचना केंद्र, प्रेस क्लब और शासन प्रशासन के विभिन्न पदाधिकारियों और गणनामान्य विशिष्ट व्यक्तियों द्वारा प्रेसवार्ता के लिए मीडिया सेंटर की स्थापना होनी थी। इसके लिए तत्कालीन मुख्य सचिव आलोक रंजन ने प्रदेश के शाजहां जनपद को छोड़कर सभी जनपदों के जिलाधिकारियों को पत्र भेजकर कलेक्ट्रेट परिसर के निकट निर्विवाद और निशुल्क भूमि का चयन कर नक्शा और उस पर आने वाले व्यय का आगणन सक्षम स्तर से कर अपनी संस्तुति निदेशक, सूचना और जनसंपर्क विभाग को देने का निर्देश दिया गया था। लेकिन इस बात को लगभग तीन साल बीतने के बाद भी जिला प्रशासन भूमि और नक्शा आदि शासन को उपलब्ध नहीं करा सका। इस पर सूचना निदेशक अनुज कुमार झा ने 22 मार्च को दोबारा पत्र भेजकर जमीन उपलब्ध कराने को कहा है। ताकि वह इसे शासन के पास भेज सकें। उनके इस पत्र पर जिला प्रशासन जमीन की तलाश में जुट गया है।