मृतक वर्षा सिंह की फाइल फोटो। संवाद
मेहनाजपुर। थाना क्षेत्र के मऊपरासी गांव में बुधवार की सुबह नवविवाहिता वर्षा सिंह (25) का अपने कमरे में फंदे से लटकता शव मिला। मृतका के कमरे से एक सुसाइड नोट भी मिला।
इसमें लिखा है, हो सके तो मुझे माफ करिएगा। आप सभी लोग बहुत अच्छे हैं, लेकिन मैं ही आप लोगाें के लायक नहीं हूं। जो खुशी आप लोग मुझे दे रहे हैं, वो खुशी मैं आप लोगों को नहीं दे सकती और मेरी मानसिक स्थिति अंदर ही अंदर बहुत परेशान कर रखी है। मेरे पास और कोई रास्ता नहीं है। मैं इस दुनिया से आजाद होना चाहती हूं। माफ करिएगा...। पुलिस का कहना है कि प्रथमदृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर मौत की वजह पता चलेगी। जांच की जा रही है। अभी तहरीर नहीं मिली है।
मेहनाजपुर थाना क्षेत्र के मऊपरासी गांव में नवविवाहिता वर्षा सिंह (25) ने अपने कमरे में फंदे से लटककर जान दे दी। बुधवार की सुबह मृतका के कमरे से लिखा हुआ सुसाइड नोट मिला।
मऊपरासी गांव निवासी रामप्रताप सिंह उर्फ छोटू ने बताया कि उसकी शादी नचाप जिला, बक्सर निवासी वर्षा सिंह के साथ 13 मार्च को हुई थी। मंगलवार को वह अपनी भाभी और भतीजे को ट्रेन पकड़ाने के लिए जौनपुर गया था। रात होने से वहीं रिश्तेदार के यहां रुक गया था। बताया कि मंगलवार की रात 11 बजे वर्षा से फोन पर बात हुई थी। पत्नी ने कहा कि अब मैं सोने जा रही हूं। बुधवार की सुबह काफी देर तक वर्षा अपने कमरे से नहीं निकली तो मां कमरे की तरफ गई। उसे चाय बनाने के लिए आवाज लगाईं। कमरे से कोई आवाज नहीं आने पर मां अंदर गई तो देखा कि वर्षा पंखा लगाने वाले हुक में कपड़े के फंदे से लटक रही है। यह देख मां ने शोर मचाया तो आसपास के लोग पहुंचे और मुझे भी ग्रामीणों ने सूचना दी। सूचना पाकर मेहनाजपुर थाना प्रभारी मनीष पाल पुलिस के साथ पहुंचे। थोड़ी देर बाद तहसीलदार लालगंज, फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई। मौके से सुसाइड नोट लिखा मिला।
प्रथमदृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है। मृतका के कमरे से सुसाइड नोट मिला है। उसका मिलान किया जा रहा है। अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद असली कारण का पता चलेगा।-मनीष पाल, थाना प्रभारी