आजमगढ़। आंगनबाड़ी भवन के निर्माण में देरी पर जिलाधिकारी ने जिले के तीन खंड विकास अधिकारियों को निर्देशित किया है। जिसमें उन्होंने विवाद के कारण रुके आंगनबाड़ी भवनों के विवाद का निस्तारण कराकर या दूसरी जमीन तलाशकर भवन निर्माण कराने का निर्देश दिया है। साथ ही कहा है कि यदि इसमें विलंब हुआ तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
वित्तीय वर्ष 2016-17 में जनपद में कंवर्जेंस से 200 आंगनबाड़ी केंद्रों का निर्माण शुरू कराया गया। इसके लिए आईसीडीएस अंश की धनराशि दो लाख रुपये प्रति केंद्र की दर से कार्यदायी संस्था के खाते में भेज दी गई। काफी समय बीतने के बाद कार्यदायी संस्था ने अजमतगढ़ विकास खंड के चंगईपुर और बनौरा मैनाथपट्टी, अतरौलिया विकास खंड के मंगूरगढ़ और तरवां विकास खँड के डगरहां में भूमि की अनुपलब्धता या विवाद का उल्लेख करते हुए स्थल परिवर्तन किए जाने का अनुरोध किया गया। इस पर जिला कार्यक्रम अधिकारी पवन कुमार यादव ने इसकी जानकारी जिलाधिकारी को दी। इस पर जिलाधिकारी द्वारा तीनों खंड विकास अधिकारियों को उपजिलाधिकारी से समंवय स्थपित कर भूमि उपलब्ध कराकर आंगनबाड़ी केंद्र का निर्माण शुरू कराने का निर्देश दिया है। साथ ही कहा है कि यहद विलंब या लापरवाही हुई तो संबंधित अधिकारी या कर्मचारी के उत्तरदायित्व का निर्धारण कर उनके विरुद्घ कार्रवाई करें।