अहरौला। थाना क्षेत्र के गहजी गांव के दलित बस्ती में गांव के कुछ लोग अंबेडकर की प्रतिमा रखकर सरकारी जमीन पर कब्जा कर रहे थे। रविवार को इसकी जानकारी होने पर बूढनपुर तहसील प्रशासन के लोग मौके पर पहुंचे और प्रतिमा को कब्जे में लेकर अतिक्रमण हटवा दिया। प्रशासन की इस कार्रवाई की चर्चा रही।
अहरौला थाना क्षेत्र के गहजी गांव के दलित बस्ती के लोग करीब एक सप्ताह पूर्व बगैर किसी सक्षम अधिकारी से अनुमति लिए बिना ही सरकारी जमीन पर डा. भीम राव अंबेडकर की प्रतिमा रख चबूतरा आदि बना दिया। प्रतिमा रख दिए जाने के बाद गांव के लोग इसका विरोध करते हुए लेखपाल को जानकारी दी। गहजी के लेखपाल अशोक यादव मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल के दौरान जमीन सरकारी होने की पुष्टि होने पर लेखपाल ने एसडीएम बूढनपुर को बताया। एसडीएम के निर्देश पर रविवार को तहसीलदार बूढनपुर अंबिका चौधीरी, नायब तहसीलदार विराग पांडेय, अहरौला थाने के एसआई श्रीकृष्ण प्रजापति, एसआई रमाशंकर यादव मय फोर्स मौके पर पहुंचे। काफी संख्या में अधिकारियों को गांव में देखने के बाद तमाम महिला और पुरुष प्रतिमा स्थल के पास पहुंच गए और प्रतिमा को घेरकर बैठ गए। तहसीलदार के समझाने के बाद लोग स्वत: लोग हट गए और प्रशासन ने प्रतिमा को हटवा दिया।