मेजवां। होली के त्योहार के मद्देनजर आजमगढ़ से होकर आने और जाने वाली लंबी दूरी की ट्रेनों की सभी सीटें छह मार्च तक फुल हो गई हैं । ट्रेनों में तिल रखने की जगह भी नहीं है। यात्रियों को वेटिंग का टिकट भी नहीं मिल पा रहा है। अनारक्षित यात्रियों की ओर से आरक्षित बोगियों में सफर किया जा रहा है। शाहगंज और आजमगढ़ के रास्ते गोदान, सरयू यमुना, कैफियात, साबरमती, आसनसोल-गोंडा, ताप्तीगंगा, मऊ-आनंद बिहार, आजमगढ़ से मुंबई के गोदान, उत्सर्ग और कोलकाता के लिए ट्रेनों का परिचालन होता है। इन ट्रेनों में जो ट्रेनें महानगरों से आती हैं। उसमें 6 मार्च तक सभी सीटें फुल हो गई हैं। अन्य ट्रेनों में जगह भी लंबी वेटिंग की फेहरिस्त में हैं। ट्रेनों के सीट फुल रहने से स्टेशन पर दलालों की खूब चांदी कट रही है। आलम यह है कि दलाल पूर्व में ही फर्जी नामों से टिकट निकाल कर सुरक्षित रखे हुए हैं। वर्तमान में सफर करने वालों से दलाल टिकट पर प्रिंट का तीन गुना रकम लेकर टिकट बेच रहे हैं। रविवार को खुरासन रोड स्टेशन पर मुंबई और दिल्ली से आने वाले यात्री रमेश और अतुल ने बताया कि टिकट वेटिंग होने के कारण खड़े होकर सफर करना पड़ रहा है। ट्रेनों में तिल रखने की जगह नहीं है। अधिक पैसा देने पर भी आरक्षित टिकट नहीं मिल रहा है।