मंगलवार को आयोजित तहसील दिवस में डीएम चंद्रभूषण सिंह ने जिस कानूनगो देवगांव विपिन सिंह को निलंबित करने का आदेश दिया था। लेकिन रविवार को पांचवे दिन तक निलंबन नहीं हो सका था। रविवार को उसी कानूनगो विपिन सिंह के नेतृत्व में एसडीएम लालगंज ने टीम गठित कर चांदपुर बछिनी गांव में राजस्वकर्मियों को भेजकर अवैध कब्जा हटवाया। इसका क्षेत्र में जोरों की चर्चा है।
लालगंज तहसील में तैनात लेखपाल विपिन सिंह को देवगांव सर्किल का प्रभारी कानूनगो बनाया गया है। जमीन के पैमाइश के मामले में हीलाहवाली करने के आरोप में मंगलवार को डीएम चंद्रभूषण सिंह ने कानून गो विपिन सिंह और एक लेखपाल को निलंबित कर दिया, लेकिन निलंबन के पांच दिन बाद भी वह निलंबित नहीं हुआ। रविवार को उसी विपिन सिंह के नेतृत्व में एसडीएम लालगंज अभय कुमार मिश्रा ने राजस्वकर्मियों की टीम गठित कर चांदपुर बछिनी गांव भेजकर चारागाह की जमीन पर हुए अवैध अतिक्रमण को हटवाया। टीम में लेखपाल संतोष कुमार, सुनील कुमार, आशा, रीना और दरोगा सुरेंद्रनाथ मौजूद रहे। तहसीलदार लालगंज ने कहा कि कानूनगो के निलंबन का मौखिक आदेश दिया गया था, लिखित आदेश न मिलने की वजह से निलंबन की कार्रवाई अभी नहीं हो सकी है, ना ही किसी अन्य को चार्ज दिया जा सका है। डीएम चंद्रभूषण सिंह ने बताया कि कानूनगो विपिन सिंह के निलंबन का पत्र रविवार को भेज दिया गया है। जल्द ही औपचारिकता पूरी कर ली जाएगी।