आजमगढ़। रिस्पांस टाइम में भले ही जिले की डायल 100 पुलिस नंबर एक पर है, लेकिन इस रैंकिंग पर बने रहने के लिए कड़ी मेहनत करनी होगी। बुधवार को पुुलिस लाइन परिसर में आयोजित पीआरवी कमांडरों की बैठक में उनकी पेंच कसते हुए एसपी ट्रैफिक तारिक मोहम्मद ने कही।
उन्होंने डायल 100 की ड्यूटी करने वाले पुलिसकर्मियों से कहा कि क्षेत्र भ्रमण के दौरान संदिग्धों पर सख्त नजर रखी जाए। खासतौर से रात के समय गश्त अधिक होनी चाहिए। एसपी ट्रैफिक ने कहा कि घटनाओं की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे। मामलों का निस्तारण के लिए संबंधित को थाने को सुपुर्द कर दें। जो कार्रवाई की जाए, उसे रजिस्टर में जरुर दर्ज किया जाए। उन्होंने कहा कि भ्रमण के दौरान लावारिस बच्चों पर भी नजर रखी जाए। आपके इस प्रयास से कोई बिछड़ा अपने परिवार से मिल सकता है। कार्यक्रम के दौरान पीआरवी जवानों को ड्यूटी करने में होने वाली परेशानियों को सुनते हुए उसके निस्तारण का भी आश्वासन दिया। कार्यक्रम के अंत में ड्यूटी के दौरान बेहतर कार्य करने वाले दो चालक और दो कमांडरों को डीजीपी की तरफ से भेजे गए सम्मान पत्र दिया गया।