बिंद्रा बाजार। गंभीरपुर थाना क्षेत्र के उत्तरगांवा ग्राम निवासिनी एक बालिका मंगलवार की शाम सर्पदंश की शिकार हो गई। परिजन उसे अस्पताल ले जा रहे थे कि रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। सूचना पर बुधवार की सुबह पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
उत्तरगांवा ग्राम निवासिनी 13 वर्षीया सेजल पुत्री सबिंदर यादव मंगलवार की शाम धूप में सूखने के लिए डाला हुआ कपड़ा लेकर घर में रखने के लिए गई। इसी दौरान विषैले सांप ने उसे डस लिया। जानकारी होते ही परिजन उसे तत्काल इलाज के लिए अस्पताल ले जा रहे थे कि रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। इसके बाद परिजन शव लेकर घर चले आए। मृतका के पिता रोजी रोटी के लिए मुंबई रहते हैं। मृतका एक भाई व तीन बहनों में दूसरे नंबर पर थी। बुधवार की सुबह सूचना पर गंभीरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बालिका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।