आजमगढ़। जिला पंचायत अध्यक्ष मीरा यादव की अध्यक्षता में बुधवार को नेहरू हाल सभागार में जिला योजना की बैठक हुई। बैठक में सदस्यों द्वारा 2019-20 के 127 करोड़ पुनरीक्षित बजट और 2020-21 के अनुमानित मूल बजट 66.58 करोड़ को अनुमोदित किया गया। बैठक से 10 अधिकारी अनुपस्थित रहे। सीडीओ ने इनसे तीन दिन के अंदर स्पष्टीकरण मांगा है।
बैठक में जिला पंचायत सदस्यों ने हर अधिकारी को अपनी शिकायतों से घेरा। सदस्यों के सवालों के बीच अधिकारियों को जवाब देना मुश्किल हो रहा था। सदस्य किशोर कुमार यादव ने बताया कि चंडेश्वर से कंहरिया संपर्क मार्ग पर यू प्रकार का मोड़ है। कटहन नहर और टिल्लू गंज बाजार के अगल बगल कई विद्यालय हैं। यहां पर ब्रेकर की जरूरत है। पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता ने कहा कि हम ब्रेकर नहीं बना सकते हैं। इस पर जिला पंचायत अध्यक्ष मीरा यादव और सीडीओ आनंद कुमार शुक्ला ने कहा कि हम बच्चों के मामले में रिस्क नहीं ले सकते हैं। इसलिए तत्काल वहां पर ब्रेकर बनाकर अवगत कराएं। रासेपुर क्षेत्र के सदस्य रामकुंवर यादव ने धान खरीद में धांधली करने और क्रय केंद्रों पर दलालों का बोलबाला होने का आरोप लगाया। इस पर सीडीओ ने कहा कि वह उनसे शिकायत करें वह उसकी जांच कराकर कार्रवाई करेंगे। सदस्य राजेश कुमार ने सदन को अवगत कराया कि गांवों में विद्युतीकरण के लिए जो पोल लगाए जा रहे हैं उसे बगैर पैसा लिए नहीं लगाया जा रहा है। सदस्य राणा प्रताप यादव ने गन्ना पर्ची के मुद्दे को उठाया। मुख्य गन्ना अधिकारी विनय प्रताप सिंह ने इन समस्याओं के समाधान की बात कहीं। वहीं सीडीओ ने कहा कि अगर गन्ना पर्ची में धांधली की शिकायत है तो मुझसे करें इसकी जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। वहीं चंद्रजीत यादव मदियापार में जर्जर तार होने की शिकायत की। किरन सिंह ने राजभर बस्ती के ऊपर 11 हजार वोल्ट का तार गुजरने की शिकायत की गई।
बैठक में सदस्यों ने जिला पंचायत में 2019-20 के पुनरीक्षित बजट 127 करोड़ और 2020-21 के अनुमानित मूल बजट 66.58 करोड़ को अनुमोदित किया। राज्य वित्त योजनांतर्गत वर्ष 2020-21 की कार्ययोजना और जिला योजना की कार्ययोजना को अनुमोदन दिया गया। वहीं मनरेगा योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2019-20 के लिए 262.27 करोड़ के लेबर बजट और जिला पंचायत की संपत्ति एवं विभव कर सूची वर्ष 2019-20 के कुल 9321 व्यवसाइयों पर 120 लाख का बजट अनुमोदित किया। वजट के अनुमोदन की कार्रवाई सर्वसम्मति से होने पर जिला पंचायत अध्यक्ष मीरा यादव ने सदस्यों का आभार प्रकट किया और बैठक के समाप्ति की घोषणा की। इस मौके पर अपर मुख्य अधिकारी एके सिंह, पीडी अभिमन्यु सिंह, डीसी मनरेगा बीबी सिंह, डीपीआरओ श्रीकांत दर्वे, डीएसओ देवमणि मिश्रा, जिला समाज कल्याण अधिकारी राजेश कुमार, जिला पंचायत सदस्य राजेश पासवान, श्यामलाल यादव आदि उपस्थित थे।
इन अधिकारियों से मांगा गया स्पष्टीकरण
जिला योजना की बैठक से कई अधिकारी अनुपस्थित थे। कइयों ने अपने स्थान पर प्रतिनिधियों को बैठक में शामिल होने के लिए भेजा था। सीडीओ ने सभी स्पष्टीकरण तलब किया। जिसमें बीएसए, सहायक निबंधक सहकारी समितियां, अधिशासी अभियंता ग्रामीण अभियंत्रण सेवा, जिला उद्यान अधिकारी, मुख्य कार्यपालक अधिकारी मत्स्य, जिला विद्यालय निरीक्षक, डिवीजनल फारेस्ट आफिसर बैठक से अनुपस्थित थे। जबकि सीएमओ, जिला विकास अधिकारी और भूमि संरक्षण अधिकारी ऊसर सुधार के स्थान पर उनके प्रतिनिधि ने भाग लिया था।
जहानागंज। नवगठित जहानागंज बाजार नगर पंचायत कार्यालय के लिए मंगलवार को ईओ के नेतृत्व में कामपुर पंचायत भवन को चुना गया था। इस दौरान कार्यालय भवन के लिए मवेशीखाना पर कुछ लोगों ने प्रभारी ईओ रामबचन यादव से बहस कर ली। रामपुर में नगर पंचायत के आफिस बनाने पर सवाल खड़े करने लगे। प्रभारी ईओ रामबचन यादव ने बताया कि तुलसीपुर, बरहतीर जगदीशपुर आदि जगह पर आफिस के लिए कोई जगह नहीं मिला। बीडीओ ने भी कहीं सरकारी जगह होने से इंकार किया। इसलिए रामपुर पंचायत भवन को अस्थायी आफिस के लिए तय किया गया है।