आजमगढ़/बिंद्राबाजार। 30 मार्च को उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के आगमन को लेकर जिला प्रशासन अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा हुआ है। वे 41 परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास करेंगे। कार्यक्रम की तैयारी को लेकर बुधवार को जिलाधिकारी शिवाकांत द्विवेदी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार अधिकारियों की बैठक हुई।
जिलाधिकारी ने बताया कि उपमुख्यमंत्री हेलीकाप्टर से सुबह 11.30 बजे रामदेव मेमोरियल महाविद्यालय, रानीपुर मुहम्मदपुर पहुंचेंगे। जहां होली मिलन समारोह के बाद लोक निर्माण विभाग की विभिन्न परियोजनाओं का शिलान्यास/लोकार्पण, अन्य कार्यक्रम, पार्टी पदाधिकारियों और अधिकारियों के साथ बैठक और प्रेसवार्ता करेंगे। उन्होंने अधिकारियों को तैनाती स्थल/कार्य के लिए प्रभारी अधिकारी/कार्य पालक मजिस्ट्रेट नामित किया। कार्यक्रम के ओवरआल इन्चार्ज अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) बनाए गए हैं। उपमुख्यमंत्री द्वारा 15 परियोजनाओं का लोकार्पण और 26 का शिलान्यास किया जाएगा। इस मौके पर सीडीओ अभिषेक सिंह, एडीएम प्रशासन लवकुश कुमार त्रिपाठी, एडीएम वित्त/राजस्व बीके गुप्ता, सीआरओ आलोक कुमार वर्मा, एसपी सिटी सुुभाष गंगवार आदि उपस्थित थे।
वहीं मुहम्मदपुर स्थित रामदेव मेमोरियल महाविद्यालय रानीपुर रजमो का बुधवार को अपर जिलाधिकारी प्रशासन लव कुश त्रिपाठी और एसपी सिटी सुभाष चंद गंगवार ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। एडीएम ने मौके पर हेलीपैड की व्यवस्था के लिए जमीन का निरीक्षण, मंच, पत्रकार दीर्घा, कार्यकर्ताओं का मीटिंग हाल, अधिकारियों का मीटिंग हाल, प्रेस कांफ्रेंस हाल आदि जगहों का निरीक्षण किया। क्षेत्रीय अधिकारियों को कहा कि कम से कम 50 सफाई कर्मी तत्काल लगाए जाएं।
000000000000
रामदेव मेमोरियल महाविद्यालय में होगा कार्यक्रम
बिंद्राबाजार। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और वन मंत्री दारा सिंह चौहान के कार्यक्रम को लेकर रानीपुर रजमों में तैयारियां तेजी से की जा रही हैं। मंच को भव्य रूप दिया जा रहा है और पंडाल लगाए जा रहे हैं। बैरिकेडिंग आदि का निर्माण भी शुरू हो चुका है। कार्यक्रम स्थल पर हेलीपैड का भी निर्माण किया जा रहा है। तारा सिंह चौहान ने बताया कि होली मिलन समारोह में चौहान समाज के कलाकार विरेंद्र चौहान निरहुआ, और खेलकूद में राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने वनाने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित भी किया जाएगा। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए हर विधानसभावार चौहानों की कमेटी गठित की गई है। दलीय भावना से ऊपर उठकर चौहान समाज के लोग इसमें भाग लेंगे। कार्यक्रम को सफल बनाने नंदलाल चौहान, संजय चौहान, अमर चौहान, अशोक, मटरू, उग्रसेन, अखंड प्रताप, मुन्ना, प्रमोद, शंभू, चंद्रशेखर आदि जी-जान से जुटे हुए हैं।
लोकार्पण के लिए तैयार भवन की होती रही तलाश
आजमगढ़। तैयारी बैठक के दौरान बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों द्वारा जनपद में चल रही विभिन्न परियोजनाओं में पूर्ण हो चुकी परियोजनाओं के संबंध में जानकारी ली जाने लगी। खासतौर से ऐसी बिल्डिंग की तलाश की जा रही थी जिसका निर्माण पूरा हो चुका हो। लेकिन बजट के अभाव में कोई भी बिल्डिंग का निर्माण पूरा नहीं मिला।