लाटघाट/ अहरौला। सरकार द्वारा संचालित योजनाओं के क्रियांवयन को लेकर शुक्रवार को हरैया और अहरौला ब्लाक परिसर में ग्राम प्रधानों के दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। जिसमें विकास खंड क्षेत्र के ग्राम प्रधानों ने भाग लिया।
हरैया ब्लाक पर प्रशिक्षण में बताया गया कि प्रधानों के अधिकार और कर्तव्य का कैसे निर्वहन किया जाए। ग्राम पंचायत विकास योजना का क्रियांवयन और सरकार द्वारा संचालित की जा रही विभिन्न योजनाओं को कैसे संचालित किया जाए। स्वच्छ भारत मिशन, राष्ट्रीय आजीविका मिशन, 14वां वित्त राज्य वित्त आदि के बारे में जानकारी दी गई। इन योजनाओं को कैसे गांव में संचालित किया जाए, इसकी क्या उपयोगिता है, इसके बारे में विस्तृत चर्चा की गई। विधवा, वृद्धा, विकलांग पेंशन के बारे में भी बताया गया। इस मौके पर शोभनाथ, भाष्कर, सुधांशु, लौहर यादव, रामनयन पटेल, सरफराज अहमद, सुशीला देवी, दलीप सिंह, पूनम देवी, अशोक कुमार, प्रभाकर सिंह, सूर्य देव यादव आदि प्रधान उपस्थित थे। अध्यक्षता प्रशिक्षक प्रमोद कुमार राय और संचालन एडीओ पंचायत दिलराम यादव ने किया। अहरौला प्रतिनिधि के अनुसार एडीओ पंचायत अमरजीत सिंह ने ग्राम प्रधानों को स्वच्छ भारत मिशन के तहत केंद्र सरकार द्वारा चलाए जा रहे खुले में शौच मुक्त अभियान को सफल बनाने पर बल दिया। उन्होंने बताया कि गांव को गंदगी मुक्त और घर घर में शौचालय का प्रयोग करने के लिए गांव में एक एक व्यक्ति को शौचालय बनवाने के लिए 12000 दिए जा रहे हैं। जिसमें शौचालय घर, पानी टंकी, दो सोख्ता गड्ढा बनाना अनिवार्य है। जो लाभार्थी इस तरह का शौचालय नहीं बनाएगा उससे लिखित रूप से प्रमाण पत्र लिया जाएगा। ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत गांव में महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए एडीओ आईएसबी अनिल राय के द्वारा ज्यादा से ज्यादा रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए समूहों का गठन करने और उन्हें बढ़ावा देने के लिए प्रधानों को प्रशिक्षित किया गया। इस मौके पर गुड्डू सिंह, चंद्रशेखर सिंह, अशोक प्रजापति, मलखान सिंह, महेंद्र यादव, अमरेश कुमार आदि उपस्थित थे।
कड़ी मेहनत और लगन से मिलेगी सफलता
सरायमीर। स्थानीय कस्बे के शाहपुर रोड स्थित एसआरपी पब्लिक स्कूल में शुक्रवार को छात्रों के विदाई समारोह का आयोजन किया गया। जिसमें कॉलेज के प्रधानाचार्य डीके चंचल और समस्त अध्यापकों ने छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए छात्रों को आशीर्वाद दिया। मैनेजर रंजीत कुमार ने कहा कि छात्रों को एक लक्ष्य लेकर कड़ी मेहनत और लगन से पढ़ाई करनी होगी तभी सफलता मिलती है। इस मौके पर प्रवेश कुमार, जैनेंद्र, निशा यादव, आदित्य, बिंदू, वंदना, सोनम, तरन्नुम आदि उपस्थित थे। ब्यूरो