जनपद की नवनिर्मित नगर पंचायत माहुल की अल्पविकसित बस्तियों में विकास कार्य के लिए शासन की ओर से 246.45 लाख रुपये के बजट को स्वीकृति प्रदान की गई है। इसके साथ ही प्रथम किश्त के रूप में 123.225 लाख रुपये अवमुक्त भी कर दिए गए हैं।
फूलपुर तहसील क्षेत्र के माहुल के नई नगर पंचायत बनने के बाद अब नगर पंचायत द्वारा इसमें विकास कार्य कराए जाने हैं। इसके लिए शासन की ओर से 246.45 लाख रुपये की 26 परियोजनाओं को स्वीकृति प्रदान की गई है। साथ ही शासन की ओर से 123.225 लाख रुपये की पहली किश्त भी जारी कर दी गई है। इससे माहुल नगर पंचायत क्षेत्र में मुख्यमंत्री नगरीय अल्पविकसित और मलिन बस्ती विकास योजनांतर्गत विकास के कार्य कराए जाएंगे। जिससे गलियों की इंटरलाकिंग, नालियों का निर्माण, पानी, प्रकाश आदि की सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इन निर्माणों की जांच के लिए शासन की ओर से डूडा को कार्यदायी संस्था नामित किया गया है। लेकिन नगर पंचायत माहुल के ईओ रंगबहादुर का कहना है कि नगर पंचायत क्षेत्र में विकास के बहुत कार्य कराने हैं। इसके लिए बजट का इंतजार हो रहा है। अभी तक शासन से बजट नहीं आया है। जो पुराना बजट था उसी से नगर पंचायत में विकास के कार्य कराए जा रहे हैं। अगर बजट स्वीकृत हो गया है तो जल्द ही आ जाएगा और नगर पंचायत में तेजी से विकास कार्य कराए जाएंगे।