आजमगढ़। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय जौनपुर के कुलपति ने शिब्ली नेशनल कालेज की नवगठित प्रबंध समिति और पदाधिकारियों को अपना अनुमोदन प्रदान कर दिया है। मंगलवार को प्रबंध सिमिति के सचिव और प्रबंधक शाह आलम उर्फ गुड्डू जमाली महाविद्यालय पहुंचे।
जहां प्रेसवार्ता के दौरान उन्होंने बताया कि इस महाविद्यालय को हमारे संस्थापक ने कुछ उद्देश्यों से स्थापित किया और पूर्वजों ने निस्वार्थ भाव से इसको निरंतर प्रयास करके एक नवीन ऊंचाई तक पहुंचाया। मैं इस बात का प्रयास करूंगा कि महाविद्यालय अपनी प्रतिष्ठा के अनुरूप आगे बढ़े और शिक्षा के क्षेत्र में गुणात्मक परिवर्तन दिखाई देना चाहिए। छात्रों में अनुशासन और पठन-पाठन का उचित वातावरण दिखाई देगा। इस कार्य के लिए यह आवश्यक है कि महाविद्यालय में पर्याप्त् संख्या में योग्य और यूजीसी के निर्देशानुसार मानक के अनुरूप प्रत्येक विभाग में शिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी। इस मौके पर मिर्जा वसीम बारी, अतहर रशीद खां, मोहतसीन, अब्दुल्लार समसी, अकिलुर्रहमान, मोहम्मद नोमान, असलम साहब, प्राचार्य डा. गयास असद खान आदि उपस्थित थे।