कैबिनेट मंत्री मोहम्मद आजम खां बुधवार को रामपुर जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने इमरजेंसी वार्ड और ओपीडी में राउंड लिया। ओपीडी गैलरी में अखबार के टुकडे़ पड़े थे। इन्हें खुद मंत्री ने उठाकर डस्टबिन में डाल दिया। करीब 25 मिनट तक अस्पताल में राउंड लेकर मंत्री वापस चले गए।
इस दौरान स्टाफ और डाक्टरों में खलबली रही। ओपीडी गैलरी में राउंड के दौरान कैबिनेट मंत्री को अखबार के टुकड़े पड़े हुए दिखे जो कि मरीजों ने फेंक दिए थे। कैबिनेट मंत्री ने अखबार के टुकडे़ उठाकर कूड़दान में डाल दिए। यह देखकर अधिकारी सकते में आ गए। अधिकारी कहने लगे कि आप ऐसा न करें।
सीएम अखिलेश आ सकते हैं अस्पताल
अधिकारियों की बात पर मंत्री ने मुस्कराते हुए कहा कि इन लोगों को अहसास होना चाहिए कि कूड़ेदान रखे हैं तो उनका इस्तेमाल भी करें। सफाई व्यवस्था दुरुस्त बनाए रखें। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक साधना गोस्वामी, सीओ सिटी आलेहसन और सीएमएस आरकेढल भी थे।
निरीक्षण के दौरान कैबिनेट मंत्री मोहम्मद आजम खां ने ओपीडी फ्लोर के रैंप पर लकड़ी के बेरियर लगाने के लिए कहा। सीएमएस से बोले कि सीएम मेडिकल कालेज के शिलान्यास के लिए आएंगे तो हम उन्हें जिला अस्पताल भी लेकर आ सकते हैं। व्यवस्थाएं बेहतर रहें जिससे उन्हें भी खुशी हो।
कार्यकर्ताओं को भी दी नसीहत
अस्पताल में राउंड के बाद जाते समय कैबिनेट मंत्री ने अपने कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों को भी नसीहत दी। बोले कि कोई भी खुद को आजम खां न समझे। किसी से भी बदसलूकी न करें। आजम बोले कि एक कार्यकर्ता ने थप्पड़ मारा तो हमने उसके खिलाफ कार्रवाई कराई।
आजम ने कहा कि मंगलवार के निरीक्षण के बाद व्यवस्थाओं में कितना सुधार हुआ यह देखा। सुधार हुआ है लेकिन, मुतमईन नहीं हूं क्योंकि यह सुधार वक्ती न हो बल्कि हमेशा के लिए रहे तो अच्छा है।