पवन ने कहा कि भाजपा का काम धर्म के नाम पर लोगों को बांटना और लड़ाई कराना है। समाजवादी पार्टी कभी धर्म के नाम पर वोट नहीं मांगती। हम सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार की बात करते हैं। देवी-देवता राजनीति का विषय नहीं हैं। हम ईश्वर से अच्छे काम करने में सफलता का आशीर्वाद मांगते हैं। हर मंगलवार हनुमानगढ़ी जाते हैं, लेकिन कभी इसका प्रचार नहीं करते। बीफ कंपनी से चंदा लेने वाले लोग राम-राम भी करते हैं। भाजपा को किसी को हिंदू, भारतीय या देशभक्त होने का प्रमाणपत्र देने का अधिकार नहीं है।
अयोध्या को भ्रष्टाचार की राजधानी बनाने का आरोप
सपा नेता ने अयोध्या में भूमि अधिग्रहण और मुआवजे को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि एयरपोर्ट के नाम पर किसानों की जमीन ली गई, लेकिन उचित मुआवजा नहीं मिला। परिक्रमा मार्ग के लिए जमीन अधिग्रहण और रामपथ निर्माण में सैकड़ों साल पुराने मकान टूट गए। प्रभावित लोगों को उनका हक नहीं मिला। उन्होंने आरोप लगाया कि आवास विकास और विकास प्राधिकरण के नाम पर किसानों को जमीन अधिग्रहण के नोटिस दिए जा रहे हैं। बाद में कम कीमत पर जमीन खरीदने के प्रस्ताव दिए जाते हैं और उसी जमीन को उद्योगपतियों को करोड़ों रुपये में बेचा जाता है। अधिकारी, नेता और प्रॉपर्टी डीलरों का गठजोड़ किसानों और अयोध्या के आम लोगों को ठग रहा है।
सरकार बनी तो कराएंगे जांच
पवन पांडेय ने कहा कि प्रदेश में सपा की सरकार बनने पर भूमि अधिग्रहण और मुआवजे की गड़बड़ियों की समीक्षा कराई जाएगी। किसानों को उचित मुआवजा दिलाने के साथ दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई होगी। अस्पतालों में दवाओं की उपलब्धता, शिक्षा और रोजगार के अवसर बढ़ाना प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि अयोध्या को विश्वस्तरीय नगरी के रूप में विकसित करेंगे, लेकिन विकास के नाम पर भ्रष्टाचार नहीं होने देंगे। उनका दावा है कि आने वाले विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी अयोध्या जिले की पांचों सीटों पर जीत हासिल करेगी।