अयोध्या। जिले में पाइप से रसोई घर तक गैस पहुंचाने की योजना काफी पीछे है। चालू वित्तीय वर्ष में पांच हजार घरेलू कनेक्शन देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, लेकिन अब तक सिर्फ 294 घरों में ही गैस की आपूर्ति शुरू हो सकी है। कनेक्शन देने और आपूर्ति शुरू करने की सुस्त रफ्तार से कई जरूरतमंद लाभ से वंचित हैं।
जिले में ग्रीन गैस लिमिटेड की ओर से पीएनजी की सुविधा संचालित की जा रही है। कंपनी को मौजूदा वित्तीय वर्ष में पांच हजार घरेलू कनेक्शन देने का लक्ष्य दिया गया है। इसके सापेक्ष कंपनी की ओर से करीब 2,200 कनेक्शन दिए जाने का दावा किया जा रहा है। इनमें भी महज 294 उपभोक्ताओं के यहां ही आपूर्ति शुरू हो सकी है।
कंपनी की सुस्ती से सिलिंडर पर निर्भर उपभोक्ता
रसोई गैस सिलिंडर की उपलब्धता को लेकर उपभोक्ताओं की परेशानी के बीच पीएनजी एक बेहतर विकल्प बन सकती है। इसके बावजूद पाइपलाइन विस्तार और कनेक्शन के बाद आपूर्ति शुरू कराने में अपेक्षित तेजी नहीं दिखाई दे रही है। लोगों का मानना है कि यदि कंपनी ने लक्ष्य के अनुरूप काम किया होता तो सिलिंडर की किल्लत से जूझ रहे परिवारों को काफी राहत मिल सकती थी।
पीएनजी कनेक्शन के लिए ऐसे करें आवेदन
पीएनजी कनेक्शन के लिए उपभोक्ता ग्रीन गैस लिमिटेड के ऑनलाइन पोर्टल या साकेतपुरी स्थित कार्यालय के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए पहचान पत्र, मोबाइल नंबर और मकान से संबंधित दस्तावेजों की जरूरत होती है। किराये के मकान में रहने वाले उपभोक्ताओं को मकान मालिक की सहमति भी देनी पड़ सकती है।
सिलिंडर बुकिंग और डिलीवरी की झंझट से मुक्ति
जिला पूर्ति अधिकारी बृजेश मिश्रा ने बताया कि पीएनजी के उपभोक्ता को सिलिंडर खत्म होने पर बुकिंग कराने या डिलीवरी का इंतजार नहीं करना पड़ता। पाइपलाइन के जरिये सीधे रसोई तक गैस पहुंचती है। घर में मीटर लगाया जाता है और खपत के अनुसार बिल तैयार होता है। कंपनी को शीघ्रता से लक्ष्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं।