अयोध्या। दीवानी न्यायालय परिसर में शनिवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत में 43,000 से अधिक मुकदमों का निस्तारण हुआ। साथ ही 14.78 करोड़ रुपये की वसूली भी हुई। हालांकि, सर्वर फेल होने से वर्चुअल कोर्ट में निस्तारित मुकदमों का विवरण देर शाम तक नहीं मिल पाया।
जनपद न्यायाधीश गौरव कुमार श्रीवास्तव ने राष्ट्रीय लोक अदालत का शुभारंभ माल्यार्पण व दीप प्रज्वलित करके किया। इस दौरान विभिन्न बैंक व बीमा कंपनियों ने शिविर लगाकर सुलह-समझौता के आधार पर मामलों का निस्तारण कराया। एमएसीटी कोर्ट के पीठासीन अधिकारी शेष मणि तिवारी ने क्षतिपूर्ति के 83 मुकदमों का निस्तारण किया। 5.63 करोड़ से अधिक धनराशि को क्षतिपूर्ति के रूप में याचिका दायर करने वाले को दिया गया। बीमा कंपनी की ओर से अधिवक्ता गोपाल कृष्ण मिश्रा ने सर्वाधिक 22 मुकदमों का निस्तारण कराकर 1.73 करोड़ रुपये की क्षतिपूर्ति दिलाई।
अपर सत्र न्यायाधीश ईसी एक्ट राकेश कुमार ने बिजली चोरी के 16, सिविल जज सदर की कोर्ट से सिविल के छह, फेमिली कोर्ट से 46, प्रधान पारिवारिक न्यायालय कोर्ट से 26 मामलों में सुलह-समझौता कराया। समझौते के बाद छह जोड़े पुनः दाम्पत्य जीवन निर्वाह के लिए राजी हुए। वहीं 20 पारिवारिक मुकदमे में पक्षकारों ने आगे मुकदमा न लड़ने की इच्छा से वापस ले लिया। पारिवारिक न्यायाधीश अल्पना सक्सेना की अदालत में भी सुलह-समझौता के आधार पर 20 मुकदमे खत्म हुए। तीन दंपतियों को राजी-खुशी एक साथ जीव यापन करने के लिए विदा कराया गया।
एफटीसी प्रथम कोर्ट के न्यायाधीश प्रदीप कुमार सिंह ने श्रीराम सिटी यूनियन फाइनेंस लिमिटेड व आकाश सिंह के मध्य सुलह कराकर छह साल पुराना मुकदमा खत्म कराया। आकाश सिंह ने स्वेच्छा से 47,030 रुपये ब्रांच मैनेजर संजय शर्मा व आदर्श सिंह की उपस्थिति में जमा किया। बैंक ऑफ़ बडौदा की कुमारगंज शाखा से कुमारगंज बाजार निवासी एक किसान ने केसीसी खाता में 1.84 लाख रुपये का लोन वर्ष 2018 में लिया था।
आर्थिक स्थिति ठीक न होने के कारण समय पर नहीं जमा कर पाया। राष्ट्रीय लोक अदालत में समझौता के आधार पर 75,000 रुपये जमा कराकर मामला निपटाया। अतिरिक्त न्यायालय की कोर्ट में चेक बाउंस के 22 मुकदमें समाप्त हुए। यहां सुनवाई के लिए 40 मुकदमे लगे थे। इस मौके पर विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव/एडीजे अनिल कुमार वर्मा, मोटर दुर्घटना न्यायाधिकरण के जज शेषमणि तिवारी, जज शैलेश कुमार तिवारी आदि मौजूद रहे।