अयोध्या। जिले के सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर मुख्यमंत्री जन आरोग्य स्वास्थ्य मेले का आयोजन हुआ। इस दौरान सर्दी, जुकाम, बुखार समेत मौसमी बीमारियों के रोगियों की भीड़ रही। चिकित्सकों ने गंभीर हालत में आए रोगियों को प्राथमिक उपचार के हायर सेंटर रेफर किया।
मिल्कीपुर प्रतिनिधि के अनुसार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बवां, अमानीगंज, खड़भड़िया, शाहगंज, सरायधनेठी, गद्दोपुर पर जन आरोग्य मेले का आयोजन हुआ। इसमें क्षेत्र के विभिन्न गांवों से 202 मरीजों ने पंजीकरण कराया। खून की कमी मिलने पर 14 महिलाओं को आयरन-सुक्रोज इंजेक्शन लगाया गया।
यहां ज्यादातर मरीज जुकाम, बुखार, सर्दी-खांसी, सांस व चर्म रोग से पीड़ित थे। पीएचसी बवां पर आए 25 मरीजों का डॉ. प्रवीन मौर्य, अमानीगंज पर आए 30 मरीजों का डॉ. रणधीर सिंह, खड़भड़िया में 38 मरीजों का डॉ. नेहा श्रीवास्तव, शाहगंज में 12 मरीजों का डॉ. अजय कुमार गुप्ता, सरायधनेठी में 67 मरीजों का डॉ. जीपी मौर्य, गद्दोपुर में 30 मरीजों का डॉ. राहुल वर्मा ने इलाज किया। अमानीगंज में पांच, बवां में दो, गद्दोपुर में एक, सराय धनेठी में तीन महिलाओं को आयरन-सुक्रोज दिया गया।
रानी बाजार प्रतिनिधि के अनुसार पीएचसी कंदैला में डॉ. दिनेश प्रकाश ने 37 मरीजों का इलाज किया। उन्होंने बताया कि एक बच्चे में निमोनिया के लक्षण मिलने पर इंजेक्शन देकर अगले दिन बुलाया गया है। इस मौके पर फार्मासिस्ट ओपी सोनी, लैब टेक्नीशियन संजय वर्मा आदि मौजूद रहे।
तारुन प्रतिनिधि के अनुसार पीएचसी पनभरिया, पछियाना, हैदरगंज, विजयनपुर सजहरा पर रविवार को मेले में 218 मरीजों ने इलाज कराया। मौके पर इलाज न होने के कारण तीन मरीजों को सीएचसी पर रेफर किया गया। अधीक्षक डाॅ. अंशुमान गुप्ता ने बताया कि स्वास्थ्य मेले में पात्र लाभार्थियों का आयुष्मान कार्ड बनाया गया। गर्भवती महिलाओं की प्रसव पूर्व जांच की गई।
बीकापुर प्रतिनिधि के अनुसार पीएचसी चौरे बाजार में डॉ. मोहम्मद इरशाद, फार्मासिस्ट कनिक राम चौधरी, एएनएम सीमा आदि ने 52 मरीजों का इलाज किया। अधिकांश मरीज जुकाम, बुखार और सांस की बीमारी से पीड़ित थे। पेट की बीमारी व शरीर दर्द से पीड़ित मरीजों ने भी इलाज कराया। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कोछा में डॉ. अंजली गुप्ता, फार्मासिस्ट दुर्गेश पांडेय, प्रदीप गुप्ता आदि ने 30 मरीजों का इलाज किया।