कंचौसी (औरैया)। केंद्र सरकार की अग्निपथ योजना के विरोध में मंगलवार सुबह 20 से 25 युवक क्रासिंग पर पहुंचकर नारेबाजी करने लगे। इस बीच गुजर रहे वाहनों को रोक कर तोड़फोड़ शुरू कर दी। सूचना पर पुलिस पहुंची और उपद्रव कर रहे युवाओं को खदेड़ लिया।
अग्निपथ योजना के विरोध को देखते हुए स्टेशनों पर पुलिस प्रशासन पहले से चौकसी बरत रही है। मंगलवार सुबह 10 बजे के करीब कुछ युवक गांवों से आकर कंचौसी क्रासिंग पर खड़े होकर हंगामा करने लगे। क्रासिंग बंद होने पर कई वाहन दोनों ओर खड़े हो गए। इसी बीच आक्रोशित युवाओं ने रसूलाबाद की ओर से आए डंपरों को निशाना बनाकर तोड़फोड़ करनी शुरू कर दी।
तोड़फोड़ देखकर कुछ लोग इधर-उधर भागने लगे। तभी किसी ने कंचौसी पुलिस को सूचना दे दी। चौकी प्रभारी जितेंद्र तिवारी पुलिस बल के साथ पहुंचे तो पुलिस को आता देख उपद्रवी भाग निकले। इसके बाद क्रासिंग खुलने पर वाहनों को आगे रवाना किया गया। चौकी प्रभारी कंचौसी ने बताया कि उपद्रव करने वाले युवा बलरामपुर गांव के बताए गए हैं, उन्हें चिह्नित करने के लिए गांव में दबिश दी गई है। जल्द ही गिरफ्तारी कर कार्रवाई की जाएगी।