Youth hangs, hangs in film style
- फोटो : AURAIYA
औरैया। सदर कोतवाली क्षेत्र में यमुना रोड पर स्थित मोहल्ला तिलक नगर प्रेमानंद आश्रम निवासी एक युवक ने प्यार में ब्रेकअप होने के बाद युवती पर जबरन शादी करने का दबाव बनाया। युवती के न मानने पर युवक ने फिल्मी स्टाइल में प्रेमिका को वीडियो काल की और फिर फांसी लगाकर जान दे दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के समय मृतक के परिजन कानपुर पुत्र का इलाज कराने गए थे।
मोहल्ला तिलक नगर प्रेमानंद आश्रम निवासी युवक नागेश उर्फ सोनू यादव (22) पुत्र नरेंद्र यादव ने मंगलवार को घर के आंगन में लगे लोहे के जाल में साड़ी बांधकर फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। बताया जाता है कि नागेश का एक दूसरी जाति की किशोरी से प्रेम प्रसंग था। दोनों शादी करना चाहते थे लेकिन परिजनों की सहमति न मिलने और किशोरी के परिजनों की सख्ती से वे शादी न कर सके। सख्ती बढ़ते देख प्रेेमिका ने नागेश से बात करना छोड़ दिया। इससे नागेश कुंठित रहने लगा। किशोरी ने बताया कि नागेश उसे अक्सर धमकी देता था कि वह शादी करेगा तो सिर्फ उसी से ही नहीं तो आत्महत्या कर जान दे देगा। उसने बताया कि इससे पहले भी नागेश कई बार अपने हाथ की नस काट चुका है। वह नागेश की इन्हीं हरकतों से डरती थी। बताया कि आज भी सुबह लगभग नौ बजे नागेश ने उसे वीडियो काल की। इसमें नागेश ने उससे कहा कि यदि वह उससे शादी नहीं करेगी तो वह आत्महत्या कर लेगा। इस पर उसने कोई जवाब नहीं दिया। उधर, नागेश ने पहले से ही आंगन में बने लोहे के जाल मेें बांध रखी साड़ी का फंदा अपने गले में डाल लिया। नागेश को ऐसा करते देख वह डर गई और दौड़कर उसके घर के पिछले दरवाजे पर पहुंची। जहां उसने काफी देर तक दरवाजा खटखटाया लेकिन न तो दरवाजा ही खुला और न किसी ने कोई जवाब दिया। किशोरी ने बताया कि इस पर वह फिर भागकर आगे के दरवाजे पर पहुंची। जहां उसने फिर से दरवाजा खुलवाने के लिए खटखटाया लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। दरवाजे में नीचे से अंदर झांक कर देखा तो नागेश उसे लटकता हुआ दिखा। इस पर उसने पड़ोस में मौजूद महिलाओं को इसकी जानकारी दी। पड़ोसी सीढ़ी के रास्ते से छत पर पहुंचकर मकान में अंदर पहुंच गए। साथ ही छोटे भाई बेटू को स्कूल से बुला लिया। मोहल्ले के लोगों ने युवक को फंदे से नीचे उतारा साथ ही कोतवाली पुलिस को जानकारी दी। जानकारी मिलते ही कोतवाली इंस्पेक्टर आलोक कुमार दुबे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। इसके अलावा फोरेंसिक टीम ने भी घटना स्थल पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। परिजन भी कानपुर से घर पहुंचे। छात्र की मौत से परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। इस संबंध में कोतवाली इंस्पेक्टर ने बताया कि इस प्रकरण में किशोरी को पूछताछ के लिए कोतवाली पहुंचाया गया है। बताया कि अभी उन्हें इस संबंध में कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उधर मृतक युवक की मां रानी देवी ने बताया कि सुबह उनके बड़े पुत्र रविंद्र को बीमारी की हालत में इलाज के लिए कानपुर ले गए थे। घर में कोई नहीं था। तभी यह घटना घटित हो गई।