बिधूना। कस्बे में खरीदारी करने आए युवक को बृहस्पतिवार शाम बेला-बिधूना मार्ग पर रामलीला मैदान के पास ऑटो ने टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक को मौके पर मौजूद पुलिस सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले गई। प्राथमिक उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मृतक की पहचान इटावा जनपद के भरथना थाना क्षेत्र के सरावा गांव निवासी किसान सुनील कुमार (35) के रूप में हुई है। शाम करीब 5:30 बजे सुनील अपने दोस्त राहुल के साथ बिधूना बाजार खरीदारी करने गया था। बेला-बिधूना मार्ग पर सड़क पार करते समय तेज रफ्तार ऑटो ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर लगने से सुनील सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। चिकित्सकों ने उपचार के दौरान उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद भाई विपिन समेत अन्य परिजन अस्पताल पहुंचे।
परिजन के अनुसार, मृतक सुनील खेती-किसानी का काम करते थे। उनकी पत्नी अर्चना पिछले करीब 13 साल से दिल्ली में रहती हैं। सुनील के एक बेटा वंश और एक बेटी कांशिष्का है। कोतवाली प्रभारी विनेश कुमार सिंह ने बताया कि ऑटो को कब्जे में ले लिया गया है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।