औरैया। आज कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर यमुना के शेरगढ़ घाट को 50 हजार दीपों से रोशन किया जाएगा। प्रशासन की ओर यह पहल की गई है। डीएम डॉ. इन्द्रमणि त्रिपाठी ने मंगलवार को बैठक कर इसके लिए अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी।
डीएम ने बताया कि दीप प्रज्ज्वलन के लिए एक-एक हजार दीपों का क्लस्टर बनाया जाएगा। साथ ही 10 हजार दीपों का सेक्टर बनाया जाएगा। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए कि अपने अधीन सेक्टरों के प्रत्येक क्लस्टर हेतु 2-2 अध्यापक एवं 10 क्लस्टरों के पर्यवेक्षण हेतु एक-एक खण्ड शिक्षा अधिकारी को अपने स्तर से नामित कर स्वयं पर्यवेक्षण करते हुए कार्यक्रम को सफल बनाएं। उन्होंने जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देश दिए कि प्रत्येक क्लस्टर हेतु दो-दो आंगनबाड़ी कार्यकत्री तथा 10 क्लस्टरों के पर्यवेक्षक हेतु एक-एक मुख्य सेविका प्रभारी बाल विकास परियोजना अधिकारी को अपने स्तर से नामित करें। जिलाधिकारी ने जिला पंचायत राज अधिकारी एवं अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका परिषद औरैया को कार्यक्रम स्थल पर पर्याप्त साफ- सफाई व अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।