यमुना नदी में बने पैमाने पर जलस्तर की स्थिति। संवाद
- फोटो : AURAIYA
औरैया। कोटा बैराज से पानी छोड़े जाने के कारण यमुना नदी का जलस्तर बढ़ गया है। मंगलवार शाम चार बजे तक जलस्तर 106.71 मीटर पर पहुंच गया। घाट किनारे बना स्नानागार डूब गया है। वहीं रामझरोखा भी डूबने की कगार पर है।
धौलपुर के कोटा बैराज से सोमवार रात छोड़े गए 17 लाख क्यूसिक पानी ने औरैया में यमुना नदी में हलचल पैदा कर दी। जलस्तर प्रति घंटे 20 से 25 सेमी बढ़ रहा है। केंद्रीय जल आयोग के कर्मचारियों के मुताबिक यमुना में पानी के बढ़ने की रफ्तार तेज है। ये बुधवार तक जारी रहने की संभावना है। नदी में बढ़ रहे जलस्तर के कारण किनारे बसे गांवों के ग्रामीणों में एक बार फिर से दहशत का माहौल है। घाट पर ऊंचाई पर बनाए गए राम झरोखा की तरफ पानी बढ़ रहा है। केंद्रीय जल आयोग के कर्मचारी स्थिति पर निगाह रखे हैं।
कुछ इस तरह बढ़ा जलस्तर
सुबह 9 बजे 105.12 मीटर
11 बजे 105.82
12 बजे 106.02
01 बजे 106.22
02 बजे 106.37
03 बजे 106.53
04 बजे 106.71
यमुना नदी में जलस्तर बढ़ने पर लगातार जानकारी की जा रही है। 110 मीटर पर पानी पहुंचने की स्थिति में अलर्ट जारी किया जाएगा।-रमेश चंद्र यादव, एसडीएम सदर