औरैया। रविवार सुबह ट्रैफिक पुलिस ने सुभाष चौक के पास छोटे बच्चों के साथ बिलखती महिला को देखा। महिला ने पति द्वारा प्रताड़ित किए जाने की जानकारी दी। ट्रैफिक पुलिस की सूचना पर पुलिस ने उसे कोतवाली पहुंचाया। एसपी के आदेश पर महिला के पति को हिरासत में ले लिया गया है।
मोहल्ला बनारसीदास निवासी अनुपम पत्नी गोपाल रविवार सुबह लगभग नौ बजे दो बच्चों के साथ सुभाष चौक के पास सड़क किनारे रो रही थी। महिला को रोते देख ट्रैफिक पुलिस महिला के पास पहुंची और कारण पहुंचा। महिला ने बताया कि उसका पति शराबी है। सुबह पति शराब पीकर घर पहुंचा। पति से शक्कर, चावल लाने के लिए पैसे मांगे तो मारपीट की। जान से मारने की नीयत से उस पर पेट्रोल डाल दिया। मोहल्ले के लोगों ने उसे बचाया।
एसपी अपर्णा गौतम ने बताया कि पीड़ित महिला से बात की गई है। महिला के पति को हिरासत में लिया गया है। तहरीर मिलते ही रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। पीड़िता की हर संभव मदद की जाएगी।