औरैया। सदर कोतवाली क्षेत्र के दिबियापुर बाईपास समीप एक घर में गुरुवार शाम पति से चल रहे विवाद के चलते एक महिला ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पड़ोसियों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने महिला के मायके पक्ष के लोगों को बुलाया। घटना के बाद से पति मौके से फरार हो गया।
शहर में दिबियापुर बाईपास निवासी विनय दीक्षित पुर्वा रहट में शिक्षक है। उसकी पत्नी सीमा दीक्षित (47) ने घर के अंदर कमरे में दुपट्टे की मदद से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
गुरुवार दोपहर दो बजे के करीब पुलिस को सूचना दी गई। जिसके बाद पहुंची पुलिस ने जांच करते हुए फंदे से शव को उतारा। पड़ोसियों से पूछताछ करते हुए मायके पक्ष के लोगों को बुलाया गया। पूछताछ के दौरान पता चला कि विनय व सीमा के बीच दो दिनों से किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था।
घटना के बाद विनय मौके से फरार हो गया। मामले में पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए जांच शुरू की है।
सदर कोतवाल भूपेंद्र राठी ने बताया कि महिला का शव कमरे में फंदे से लटका मिला है। दंपती के बीच विवाद की बात सामने आई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मायके पक्ष की ओर से कोई तहरीर नहीं दी है।