औरैया। जिले में 22 दिन में 395 मीट्रिक टन गेहूं की खरीद हो पाई है। 71 में 10 क्रय केंद्र ही सक्रिय हैं। पंचायत चुनाव के कारण खरीद अपेक्षित गति नहीं पकड़ पा रही है। अब तक 84 किसानों से गेहूं खरीद कर 29.36 लाख रुपये का भुगतान कर दिया गया है।
एक अप्रैल से गेहूं की खरीद के लिए 71 क्रय केंद्र खोले गए थे। इसमें दस क्रय केंद्रों पर ही खरीद शुरू हो सकी है। इस बार शासन ने खरीद लक्ष्य निर्धारित नहीं किया है। 84 किसानों से 395 मिट्रिक टन गेहूं खरीद हो चुकी है। 68 मिट्रिक टन गेहूं एफसीआइ में जमा किया जा चुका है।
किसानों को 78 लाख रुपये भुगतान देना था। जिसमें से 29.36 लाख भुगतान किया जा चुका है। पीसीएफ के केंद्रों पर ऑनलाइन फीडिंग नहीं हुई है। इसके लिए जिला प्रबंधक कृष्णा सुदेश को तलब कर फीडिंग कराए जाने के निर्देश दिए गए हैं। पारदर्शिता बनाए रखने के लिए 19 ई-पॉस मशीन मंगाई गई हैं।
मई के पहले सप्ताह तक और मशीनें आने की संभावना है। जिला विपणन अधिकारी सुधांशु शेखर चौबे ने कहा कि कोविड प्रोटोकॉल के तहत गेहूं खरीद की जा रही है। दस केंद्र पूरी तरह से सक्रिय हो गए हैं। सभी केंद्र प्रभारियों को ज्यादा से ज्यादा खरीद किए जाने के निर्देश दिए गए हैं।