पैगूपुर में सड़क पर हुआ जलभराव।संवाद
अजीतमल। क्षेत्र के गांव पैगूपुर व अनंतराम में जल निकासी की व्यवस्था न होने से ग्रामीणों को जलभराव का सामना करना पड़ रहा है। गांव के कई तालाबों का अस्तित्व धीरे-धीरे समाप्त होने से गांवों में जलभराव की स्थिति है। ग्रामीणों ने समस्या के समाधान के लिए मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई है।
ग्रामीण कल्लू ने बताया कि बारिश के बाद गांव की गलियों और रास्तों में पानी भर जाने से घरों से निकलना मुश्किल हो रहा है। छोटे बच्चे स्कूल नहीं जा पा रहे हैं, वहीं मजदूरी करने वाले लोगों को भी काम पर जाने में भारी परेशानी हो रही है। आदेश ने बताया कि पिछले वर्ष भी गांव में जलभराव की यही स्थिति थी। एक वर्ष से लगातार अधिकारियों से शिकायत की जा रही है, लेकिन अब तक कोई सुनवाई नहीं हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में स्थित तालाबों को उनके पुराने स्वरूप में विकसित कर जल निकासी की उचित व्यवस्था की जाए। एडीओ पंचायत सर्वेश कुमार दुबे ने बताया कि तालाबों की कार्ययोजना तैयार की गई है। बरसात बाद तालाबों की खोदाई कराई जाएगी।फिलहाल पंपसेट लगवाकर पानी निकासी की जाएगी।(संवाद)