फोटो-10-बेला रोड पर जाम में फंसे वाहन। संवाद
फोटो-10 बेला रोड पर जाम में फंसे वाहन। संवाद
-बीच सड़क पर रोडवेज बसें रोककर भरी जा रहीं सवारियां, डग्गामार वाहनों ने बढ़ाई मुसीबत
संवाद न्यूज एजेंसी
बिधूना। कस्बे की बेला रोड पर शुक्रवार को यातायात व्यवस्था पूरी तरह पटरी से उतर गई। डग्गामार वाहनों की मनमानी और रोडवेज बसों के अनियंत्रित ठहराव के कारण दिनभर जाम की स्थिति बनी रही। चिलचिलाती धूप और जाम के झाम में फंसे स्कूली बच्चे और राहगीर घंटों पसीना बहाते नजर आए।
जाम का मुख्य कारण परिवहन निगम की बसें रहीं। चालक अधिक सवारी के लालच में बसों को निर्धारित स्टैंड के बजाय बीच सड़क पर ही तिरछा खड़ा कर देते हैं। रही-सही कसर सड़क किनारे बेतरतीब खड़े ऑटो और ई-रिक्शा पूरी कर देते हैं। शुक्रवार को भी यही नजारा रहा जिससे बेला रोड संकरी गली में तब्दील हो गई और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। जाम की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस हरकत में आई। मौके पर पहुंचे सिपाहियों ने मोर्चा संभाला और सड़क पर खड़े वाहनों को कड़ी हिदायत देकर हटवाया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद यातायात सुचारु हो सका। पुलिस ने बस चालकों को दो-टूक चेतावनी दी कि यदि दोबारा बीच सड़क पर बस रोकी तो चालान की कार्रवाई की जाएगी। व्यापारियों और लोगों का कहना है कि यह समस्या हर दूसरे दिन की है।