50 शैय्या जिला संयुक्त चिकित्सालय में टीकाकरण कराने उमड़ी लाभार्थियों की भीड़
- फोटो : AURAIYA
औैरैया। टीकाकरण अभियान दो कदम बढ़ता ही है कि फिर वैक्सीन की किल्लत से इस पर ब्रेक लग जाता है। मंगलवार को फिर वैक्सीन कम पड़ गईं। इसके कारण स्लाट बुक करा चुके लोग एक सेंटर से दूसरे सेंटर तक दौड़ लगाते रहे। केंद्रों पर उमड़ी भीड़ से कई जगह अफरातफरी रही। कुछ केंद्रों पर टीकाकरण न होने पर लोगों ने हंगामा भी किया।
मंगलवार को 31 सेंटरों पर टीके लगाए गए। स्लॉट खुलते ही एक घंटे में बुकिंग हो गईं। सेंटर खुलते ही लाभार्थियों की भीड़ देखने को मिली। 50 शय्या जिला अस्पताल में उमड़ी भीड़ को नियंत्रण करने के लिए स्वास्थ्य कर्मियों को पुलिस कर्मियों का सहारा लेना पड़ा। दिबियापुर स्थित सेंटर पर वैक्सीन कम होने पर दोपहर के बाद टीके नहीं लग सके। वहां से लोगों ने सहार, फफूंद और अछल्दा सेंटरों की ओर दौड़ लगाई। दिबियापुर के अधिकांश लोगों की भीड़ सहार सीएचसी पहुंची। यहां धक्कामुक्की होने लगी। दोपहर में यहां भी वैक्सीन समाप्त हो गई। सीएचसी अधीक्षक ने किसी तरह लोगों को समझाकर शांत कराया।
उधर बिधूना कस्बा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर भीड़ को नियंत्रण में करने के लिए स्वास्थकर्मियों को पुलिस बुलानी पड़ी। सीएचसी अधीक्षक डॉ. वीपी शाक्य ने बताया कि 300 वैक्सीन मिली हैं। टीकाकरण किया जा रहा है। (संवाद)
31 सेंटरों पर 3191 ने लगवाई वैक्सीन
मंगलवार को कुल 3191 लाभार्थियों ने वैक्सीन लगवाई। लाभार्थियों की संख्या अब 3,34772 हो गई है। इनमें 2,85085 ने पहली और 46687 ने दूसरी डोज लगवाई है।
वर्जन
बुधवार को टीकाकरण अभियान संचालित करने के लिए विभाग के उच्चाधिकारियों ने जिले को 2900 वैक्सीन उपलब्ध कराने की बात कही है। कुछ सेंटर कम करके टीकाकरण अभियान चलेगा। - डॉ. अशोक कुमार, अपर जिला मुख्य चिकित्साधिकारी