बेला (औरैया)। बेला-बिधूना मार्ग पर अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार मामा की मौत हो गई। जबकि पीछे बैठी भांजी गंभीर रूप से घायल हो गई। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल भांजी को सीएचसी बिधूना में भर्ती कराया। पुलिस ने बताया कि प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर लगते ही बाइक सवार का हेलमेट उसके सिर से निकल गया था। जिससे उसके सिर पर गंभीर चोटें आई थी।
बेला क्षेत्र के हरदू गांव निवासी बाबूराम वर्मा का बेटा मनोज कुमार (26) शुक्रवार देर शाम घर में रह रही कन्नौज के मलिकपुर निवासी भांजी कंचन (16) को बाइक से लेकर औरों गांव निवासी साढू के घर से पत्नी को लेने जा रहा था। मनुआपुर्वा मोड़ के पास पहुंचने पर अज्ञात वाहन ने मनोज की बाइक में टक्कर मार दी।
टक्कर लगते ही मनोज व कंचन सड़क पर गिरकर लहूलुहान हो गए। मनोज की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर थाना प्रभारी जीवाराम पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल कंचन को सीएचसी बिधूना में भर्ती कराया। थाना प्रभारी ने बताया कि परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है। टक्कर मारने वाले वाहन का पता किया जा रहा है।