अजीतमल। कोतवाली क्षेत्र की दो अलग-अलग सब्जी मंडियों में दो दुकानदारों की अचानक तबीयत बिगड़ गई। दोनों को पास के दुकानदार एंबुलेंस से सीएचसी ले गए। वहां दोनों को मृत घोषित कर दिया गया।
सूचना पर एसडीएम व सीओ फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। घटना की छानबीन के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।अटसू चौकी क्षेत्र के गांव आलमगीरपुर निवासी नौवत सिंह (40) अटसू स्थित सब्जी मंडी में दुकान चलाते थे। मंगलवार दोपहर वह रोजाना की तरह अपनी दुकान लगाने की तैयारी कर रहे थे।
इसी दौरान अचानक उनके सीने में दर्द उठा और वह अचेत होकर जमीन पर गिर पड़े। आसपास के दुकानदारों ने एंबुलेंस से सीएचसी ले गए। इससे पहले रास्ते में उन्होंने दम तोड़ दिया। उनके परिवार में पत्नी मीना, बेटी संध्या और बेटा अनुराग है।
अभी इस घटना की मंडी परिसर में चर्चा चल ही रही थी कि पता चला कि अजीतमल के मेला मैदान स्थित सब्जी मंडी में मोहल्ला शास्त्री नगर निवासी प्रमोद कुमार (60) की भी दुकान पर अचानक तबीयत बिगड़ गई और वह बेहोश हो गए। उन्हें भी तत्काल सीएचसी अजीतमल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी के बाद एसडीएम गरिमा सोनकिया, सीओ मनोज गंगवार कोतवाली पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर स्थानीय दुकानदारों और परिजन से पूछताछ की।
सीओ मनोज गंगवार ने बताया कि जांच के बाद नौवत सिंह का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रमोद के परिजन ने पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिया। पंचनामा की कार्रवाई के बाद शव परिजन को सौंप दिया गया।
फोटो प्रमोद कुमार। फाइल फोटो- फोटो : हड़ताल के दौरान रुपईडीहा में स्थित आईसीपी के बाहर खड़े ट्रक।
फोटो प्रमोद कुमार। फाइल फोटो- फोटो : हड़ताल के दौरान रुपईडीहा में स्थित आईसीपी के बाहर खड़े ट्रक।