औरैया। पुराने पुरवा गांव में शनिवार की रात दिल्ली से आए एक युवक का स्वास्थ्य में गड़बड़ मिलने पर डॉक्टरों की टीम ने उसका परीक्षण किया। इसके अलावा इस युवक को रेलवे स्टेशन लेने गए दूसरे युवक की भी जांच की गई है। युवक दिल्ली में एक प्राइवेट होटल में काम करता है।
पुराने पुरवा गांव में शनिवार की रात दिल्ली से घर लौटे एक युवक को खांसी, जुकाम व बुखार होने की सूचना मिलने पर गांव वाले दहशत में आ गए। गांव की आशा कार्यकर्ता सावित्री देवी ने इसकी सूचना सीएचसी के डॉक्टरों को दी।
सीएचसी अधीक्षक डॉ. राकेश सचान ने टीम के साथ गांव पहुंचकर युवक की जांच की। साथ ही उसे दिबियापुर के फफूंद स्टेशन से लेने गए उसके साथी की भी जांच की। डॉक्टरों की टीम ने दोनों युवकों को आईसोलेशन वार्ड भेजा।
गांव वालों ने डॉक्टरों को बताया कि युवक दिल्ली के एक होटल में काम करता हैं। शनिवार की रात जब वह गांव लौटा, उसे खांसी, जुकाम व बुखार था। बाद में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने ग्रामीणों को कोरोना से बचने के उपाय बताए।
इस संबंध में सीएचसी अधीक्षक डॉ. राकेश सचान ने बताया की दोनों युवकों को खांसी, जुकाम व बुखार था। दोनों युवकों को जांच के लिए दिबियापुर भेजा गया है। जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।