जानकारी देती बादशाह की पत्नी पुष्पा देवी
- फोटो : AURAIYA
औरैया। फफूंद थाना क्षेत्र के गांव देवरपुर में शनिवार की रात चोरों ने दो घरों में धावा बोलकर नगदी समेत कई लाख का जेवर पार कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। वहीं, एक ही रात दो घरों में चोरी से ग्रामीणों में दहशत है।
गांव देवरपुर निवासी राज मिस्त्री का कार्य करने वाले श्याम गोविंद उर्फ पिंटू पुत्र जयराम वर्मा शनिवार की रात पत्नी कमलेश व बच्चों के साथ घर के बाहर के कमरे में सो रहे थे। रात में किसी समय चोर घर में घुसे और कमरे में रखे बड़े बक्से को खोलकर लगभग दो लाख का जेवर व पांच हजार रुपये नगद और कीमती कपड़े आदि उठा ले गए। जेवर के खाली डिब्बे रविवार की सुबह पास ही एक खेत में पड़े मिले।
उधर, दूसरी घटना गांव के बादशाह पुत्र रामप्रसाद के घर में हुई। खेती बाड़ी करने वाले बादशाह बरामदे में सो रहे थे। रात में किसी समय चोर पीछे बनी अधूरी दीवार से चढ़कर अंदर दाखिल हुए। कमरे में रखे बड़े बक्से में रखा बादशाह की पत्नी पुष्पा देवी, पुत्रवधू संगीता व पुत्री कीर्ति का लगभग दो लाख रुपये कीमत का जेवर व 25 साड़ियां उठा ले गए।
घटना की जानकारी सुबह जागने पर घर वालों को हुई। उधर, बीतेगुरुवार की रात गांव बिंदपुर में चैनल का ताला तोड़कर किसान नेकराम के घर मे घुसे चोरों ने जेवर व नगदी सहित पांच लाख की चोरी की थी। पुलिस अभी तक इसका खुलासा नहीं कर सकी है।