बिधूना। बिधूना विधानसभा की राजनीति दिन पर दिन गरमाती जा रही है। विधायक के भाई और भाजपा बूथ अध्यक्ष के बीच हुई वार्ता में एक दूसरे पर आरोप लगाए गए। सोमवार को पुलिस ने भाजपा बूथ अध्यक्ष की तहरीर पर गाली देने और धमकी देने के आरोप में विधायक के भाई समेत दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
कोतवाली में दर्ज कराई रिपोर्ट में पुर्वा मके गांव निवासी अलोक सिंह ने पुलिस को बताया है कि वह भाजपा के बूथ अध्यक्ष हैं। 14 जनवरी की शाम साढ़े छह बजे के करीब बिधूना विधायक विनय शाक्य के भाई देवेश शाक्य ने उन्हें फोन किया। आरोप है कि फोन पर विधायक के भाई ने गलियां और धमकी दी।
आरोप यह भी लगाया कि 16 जनवरी को दोबारा फोन कर घर में रहने लायक न छोड़ने की धमकी दी। इससे परेशान होकर उसने पुलिस को तहरीर दी। कोतवाली प्रभारी शशिभूषण मिश्रा ने बताया कि तहरीर के आधार पर देवेश शाक्य समेत एक अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है, मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।