अजीतमल। चेकिंग के दौरान पुलिसकर्मियों पर रौब झाड़ना दो युवकों को भारी पड़ गया। नाम-पता पूछने पर पुलिस से उलझने और अभद्रता करने में दोनों आरोपियों को पकड़ा गया था। कोतवाली पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
अजीतमल कोतवाली क्षेत्र के ऊंचा चौकी क्षेत्र में उपनिरीक्षक राम बालक शुक्ला गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस ने दो युवकों को रोककर उनसे पूछताछ शुरू की तो दोनों ने बहस शुरू कर दी। इतना ही नहीं दोनों ने पुलिसकर्मियों पर रौब झाड़ना शुरू कर दिया। पुलिसकर्मियों ने उन्हें समझाने का प्रयास किया तो दोनों अभद्रता करने लगे। बिगड़ती स्थिति को देखते हुए दोनों को हिरासत में लेकर कोतवाली लाया गया।
जहां दोनों युवकों की पहचान शिवनाथ सिंह और अनूप निवासी गांव नवलपुर गांव के रूप में हुई। सोमवार को पुलिस ने दोनों का शांतिभंग में चालान कर दिया। कोतवाल विनोद कुमार ने बताया कि चालान करने के बाद दोनों को उपजिलाधिकारी कोर्ट में पेश किया गया। वहां से दोनों को इटावा जेल भेज दिया गया।