घटना की जांच करती पुलिस व मौजूद ग्रामीण।
- फोटो : घटना की जांच करती पुलिस व मौजूद ग्रामीण।
मुरादगंज (औरैया)। सलैया गांव में शनिवार देर शाम को अचानक पीपल के पेड़ की डाल टूट गई। एक 70 साल की बुजुर्ग महिला की डाल के नीचे दबकर मौत हो गई।
पेड़ के नीचे बैठे अन्य लोगों ने भागकर अपनी जान बचाई। सूचना पाकर सीओ सदर व कोतवाल ने पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया। सलैया गांव निवासी मुन्नीलाल की 70 वर्षीय पत्नी भीखा देवी परिवार एवं अन्य लोगों के साथ पीपल के पेड़ के नीचे बैठीं थीं।
उसी दौरान अचानक पेड़ की डाल गिर गई। यह देख वहां पर बैठे सभी लोग अपनी जान बचाकर भाग निकले, लेकिन भीखा देवी भाग न सकीं और टूटी डाल उनके ऊपर आ गिरी। इससे उसके नीचे दबकर भीखा की मौत हो गई।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सीओ सदर अशोक कुमार व कोतवाल राज कुमार सिंह ने मौके पर जांच की। पुलिस ने टूटी डाल के नीचे महिला का शव दबा पाया। पुलिस ने मशीन मंगवाकर पहले टूटी डाल कटवाई।
इसके बाद शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। सीओ सदर अशोक कुमार ने बताया कि महिला के आश्रितों को सहायता दिलाई जाएगी। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।