मुरादगंज/सहायल। क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में बिजली आपूर्ति की बदहाली से ग्रामीणों का जीवन दूभर हो गया है। मुरादगंज के जगतपुर में ट्रांसफार्मर फुंकने से आधा गांव अंधेरे में है।
वहीं सहायल के भरखा गांव में पिछले दो महीनों से ट्रांसफार्मर खराब होने से ग्रामीणों का गुस्सा बढ़ रहा है। मुरादगंज क्षेत्र के जगतपुर गांव के बीचों-बीच रखा ट्रांसफार्मर शुक्रवार देर रात खराब हो गया। क्वाइल फटने के कारण गांव की विद्युत आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गया।
इससे अवनीश कुमार, अंकित कुमार, विकास कुमार, शैलेंद्र कुमार और अशोक कुमार सहित करीब 100 परिवारों को भीषण गर्मी और उमस में रात बितानी पड़ी। जेई विजय कुमार ने बताया कि नया ट्रांसफार्मर लगाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और जल्द ही आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।
वहीं सहायल के गांव पंचायत भरखा में विद्युत विभाग की लापरवाही सामने आई है। गांव का ट्रांसफार्मर पिछले दो महीने से फुंका पड़ा है लेकिन शिकायत के बावजूद विभाग मूकदर्शक बना बैठा है। बिजली न आने से करीब 35 घर दो महीने से अंधेरे में गुजर बसर कर रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि बेला बिजली उपकेंद्र व विभागीय अधिकारियों को कई बार लिखित व मौखिक शिकायतें दी गईं लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।
ग्रामीणों का कहना है कि बिजली न होने से रात के समय कीड़े-मकोड़ों और सांपों का खतरा बढ़ गया है। वहीं छात्रों की पढ़ाई पूरी तरह प्रभावित हो रही है और वे मोमबत्ती के सहारे पढ़ने को मजबूर हैं।
ग्रामीण शंकर सिंह गौर, लल्ला ठाकुर, मनोज शर्मा, विमल शर्मा, शिवनंदन दुबे, सुदामा दुबे, संतोष कश्यप, कन्हैया कश्यप, अरुण शर्मा और हरविंद सिंह ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया तो सभी ग्रामीण जिला मुख्यालय पहुंचकर डीएम से शिकायत करेंगे। इस संबंध में जेई वीरेंद्र सिंह ने बताया कि जल्द ही फुंके ट्रांसफार्मर को बदलवाते हुए सप्लाई चालू कराई जाएगी।
फोटो -3- सहायल में फुंके ट्रांसफार्मर के सामने आक्रोश व्यक्त करते ग्रामीण। संवाद