औरैया। शहर के तीन मोहल्लों में पिछले 24 घंटे में दो बार ट्रांसफार्मरों के जलने से हाहाकार मच गया। पेयजल समस्या व गर्मी से बेहाल लोग बिजली कार्यालय पहुंचे और घेराव कर हंगामा किया। अधिकारियों ने शीघ्र समस्या समाधान का भरोसा दिलाया, तब लोग शांत हुए।
शहर में इंडियन ऑयल, खानपुर व ओम नगर क्षेत्र में लगे ट्रांसफार्मर 24 घंटे में दो बार फुंक गए। इन क्षेत्रों की बिजली गुल हो गई। भीषण गर्मी में बिजली न मिलने से परेशान इंडियन ऑयल क्षेत्र के लोगों ने बिजली कार्यालय पहुंचकर अधिकारियों का घेराव कर हंगामा किया। उपभोक्ताओं का आरोप है कि विभागीय अधिकारी जानबूझकर घटिया गुणवत्ता वाले ट्रांसफार्मर लगा रहे हैं, जिससे वह लोड नहीं उठा पाते और फुंक रहे हैं।
इंडियन आयल तिराहे के समीप निवासी बादशाह राजपूत ने बताया कि उनके मोहल्ले में रखा ढाई सौ केवीए का ट्रांसफार्मर 24 मई को फुंक गया था। विभागीय अधिकारियों ने 25 मई को नया ट्रांसफार्मर रखवा दिया। शाम को बिजली आपूर्ति शुरू की गई, लेकिन दूसरे ही दिन सुबह लगभग सात बजे दोबारा ट्रांसफार्मर जल गया। यहीं हाल खानपुर, ओमनगर का रहा।
आक्रोशित लोगों ने बिजली अधिकारियों को 24 घंटे का अल्टीमेटम देकर सही ट्रांसफार्मर रखवाए जाने की मांग की है, अन्यथा की स्थिति में आंदोलन की चेतावनी दी है। इस दौरान रामानंद चौबे, श्यामबाबू वाजपेई, धर्मेंद्र राजपूत, अनूप पांडे, विमलेश दुबे, कुलदीप शुक्ला समेत लगभग दो दर्जन से अधिक लोग मौजूद रहे।
जेई विवेक खरे ने बताया कि बिधूना में स्टोर स्थापित है, ऐसे में ट्रांसफार्मर खराब होने पर वहां से आने में थोड़ा समय लग जाता है। जिससे उपभोक्ताओं को परेशानी उठानी पड़ रही है। फिलहाल तीनों ट्रांसफार्मरों को बदलने के लिए नए ट्रांसफार्मर मंगाए गए हैं। ट्रांसफार्मर आते ही बदलवा दिए जाएंगे।