रेलवे फाटक के पास लगे जाम में फंसे वाहन व राहगीर।संवाद
अछल्दा। व्यस्ततम दिल्ली-हावड़ा रेल मार्ग की रेलवे क्रॉसिंग पर सोमवार सुबह लंबा जाम लग गया। लगातार ट्रेनों के गुजरने के कारण फाटक देरी से खुला। इससे एक घंटे तक राहगीर जाम से जूझते रहे। इस दौरान वंदे भारत और सुविधा एक्सप्रेस को आउटर पर कुछ देर रोकने के बाद रवाना किया गया।
सोमवार सुबह 9:50 बजे फाटक बंद किया गया। लगातार ट्रेनें निकलने से फाटक 10:16 बजे खोला गया। इस दौरान पहले निकलने की होड़ में बाइक सवार बड़े वाहनों के आगे आ गए। इससे रेलवे ट्रैक पर जाम लग गया।
करीब सात मिनट बाद 10:23 बजे अप लाइन पर ट्रेन आने लगी। गेटमैन ने फाटक बंद करने का प्रयास किया लेकिन गाड़ियां फंसी होने के कारण वह बंद नहीं हो सका। कानपुर से इटावा जा रही 22415 वंदे भारत एक्सप्रेस को आउटर पर दो मिनट रोकना पड़ा। पुलिस ने किसी तरह 10:26 बजे फाटक बंद कराया। इसके बाद ट्रेन रवाना हुई।
फाटक 10:28 बजे दोबारा खुला। लेकिन एक मिनट बाद ही अप लाइन पर ट्रेन आने से उसे फिर बंद करना पड़ा। इस बार भी ट्रैक पर वाहन फंस गए। इससे सुविधा एक्सप्रेस को एक मिनट तक आउटर पर रोका गया। तब पुलिस ने 10:31 बजे फाटक बंद कराकर ट्रेन को रवाना कराया। इसके बाद तीसरी बार 10:49 बजे करीब 18 मिनट बाद फाटक खोला गया। तब लोगों को जाम से निजात मिल सकी।