अजीतमल। अनंतराम टोल प्लाजा के पास खड़े डंपर के केबिन में सो रहे चालक की जेब से 71,600 रुपये पार कर दिए गए। पीड़ित की सूचना पर पहुंची पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले।
आगरा निवासी चालक रजनीश आरएलए कंपनी का डंपर लेकर रविवार रात निकला था। टोल से 100 मीटर दूर उसने और उसके तीन अन्य साथियों ने अपने-अपने डंपर खड़े कर दिए और केबिन में सो गए। रजनीश के अनुसार, रात करीब 3:30 बजे जब उसकी आंख खुली तो सिर के नीचे रखी पैंट की जेब से 71,600 रुपये गायब थे। जानकारी के बाद उसके साथी मौके पर पहुंचे।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले लेकिन कोई सुराग हाथ नहीं लगा। कोतवाल विनोद कुमार ने बताया कि कंपनी द्वारा डंपरों के भीतर लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई है। फुटेज में चालक के सोने तक की गतिविधियां तो दिख रही हैं लेकिन चोरी से जुड़ी कोई घटना नजर नहीं आ रही। मामले में फिलहाल कोई लिखित तहरीर नहीं मिली है, पुलिस छानबीन कर रही है।(संवाद)